Thursday, October 22nd, 2026

बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब का क्षेत्र तूफान डाना में परिवर्तित हो गया, जबलपुर-रीवा समेत 15 जिलों में गिरेगा पानी

भोपाल
बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब का क्षेत्र तूफान डाना में परिवर्तित हो गया है। इस तूफान के और शक्तिशाली होने के बाद इसके शुक्रवार सुबह तक ओडिशा में पुरी के तट के पास टकराने की संभावना है। इसके असर से मध्य प्रदेश में बादल छा सकते हैं। इसके साथ ही पूर्वी मध्य प्रदेश में जबलपुर, रीवा व शहडोल संभाग के जिलों में वर्षा का सिलसिला भी शुरू हो सकता है।

उधर, बुधवार को प्रदेश के 17 शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। भोपाल में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो इस सीजन का रात का सबसे कम तापमान रहा। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, मध्य-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब का क्षेत्र बुधवार को चक्रवाती तूफान डाना में परिवर्तित हो गया है।

तूफान डाना तीव्र होगा
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि तूफान डाना उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़कर और तीव्र होगा। इसके शुक्रवार सुबह ओडिशा में पुरी के तट के पास टकराने की संभावना है। इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश में तेज रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बादल भी छा सकते हैं।

रीवा एवं शहडोल में असर
हालांकि तूफान के असर से सिर्फ पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा एवं शहडोल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा भी होने के आसार हैं। बादलों के कारण दिन के तापमान में कुछ गिरावट हो सकती है, लेकिन रात का तापमान कुछ बढ़ सकता है।

 

#cyclone Dana

Source : Agency

पाठको की राय