Friday, October 23rd, 2026

अपराधियों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग, गश्ती अभियान पर धड़-पकड़ करने गई थी पुलिस

कटिहार.

कटिहार में अपराधियों ने थानाध्यक्ष पर फायरिंग किया है। हालांकि इस गोलीबारी में थानेदार बाल-बाल बच गये। पुलिस ने इस घटना में कार्रवाई करते हुए एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया हैं। घटना सहायक थाना क्षेत्र के प्रखंड कार्यालय परिसर की है।

घटना के संबंध में सहायक थाना के थानाध्यक्ष पंकज प्रताप ने बताया कि होली के मद्देनजर पुलिस टीम गश्ती अभियान पर थी। तभी पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि प्रखंड कार्यालय परिसर में कुछ अपराधी फायरिंग कर रहे हैं। इस बात की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पंकज प्रताप दलबल के साथ ब्लॉक कैंपस पहुंचे। पुलिस बल के वहां पहुंचते ही पुलिस को देखकर अपराधी भागने लगे। पुलिस बल ने उन सब को रुकने का इशारा किया लेकिन तभी उन अपराधियों में से एक ने थानाध्यक्ष पंकज प्रताप पर गोली चला दी। पंकज प्रताप ने बताया कि गनीमत रही कि गोली पास से गुजर गई। फिर पंकज प्रताप ने प्रखंड कार्यालय परिसर में मौजूद पुलिस जवानों को निर्देश दिया और फिर घेराबंदी कर गोली चलाते हुए भाग रहे अपराधी को दबोच लिया।

इस वजह से बच गई थानेदार की जान
घटना के संबंध में थानाध्यक्ष पंकज प्रताप ने बताया कि पुलिस ने जब अपराधी को खदेड़कर पकड़ने की कोशिश की तब उसने फिर गोली चलाई लेकिन इस बार भी मेरी किस्मत अच्छी थी कि उसके पिस्टल की गोली फंस गई और वह पकड़ा गया । अगर उसकी गोली नहीं फंसती तो आज कुछ और घटना हो जाती। फिलहाल अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसके पास से  लोडेड पिस्टल और चार जिन्दा कारतूस बरामद किया गया है। गिरफ्तार अपराधी अमित रजक है।

जांच में जुटी पुलिस
सहायक थाना के थानाध्यक्ष पंकज प्रताप ने बताया कि घटना तुरंत की है इसलिये बहुत कुछ जाँच के बाद ही बताया जा सकता हैं। अन्य जानकारी वरीय अधिकारी देंगे। फिलहाल हमलोग गिरफ्तार अपराधी का आपराधिक इतिहास खंगाल रहे हैं।

 

#police team fire

Source : Agency

पाठको की राय