Friday, October 23rd, 2026

इस महीने देश को मिलेंगे नए सेना प्रमुख और CDS

नई दिल्ली।


इस महीने के आखिर तक थल सेना को नए प्रमुख मिलेंगे, क्योंकि मौजूदा सेना प्रमुख जनरल एम. एम. नरवणे 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। संभावना व्यक्त की जा रही है कि नरवणे के सेवानिवृत्त होने से ठीक पहले चीफ आफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) नियुक्त किया जा सकता है। यह पद देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत के दिसंबर में दुर्घटना में निधन के बाद से ही खाली पड़ा है।

रक्षा मंत्रालय के सूत्रों की मानें तो उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे का नया सेना प्रमुख बनना करीब-करीब तय माना जा रहा है। इसी साल फरवरी में उन्हें उप सेना प्रमुख बनाया गया था और उससे पूर्व वह पूर्वी कमान का नेतृत्व कर रहे थे। वे वरिष्ठम लेफ्टनेंट जनरल हैं इसलिए उनके सेना प्रमुख नियुक्त किये जाने की सर्वाधिक संभावनाएं हैं।

सूत्रों के अनुसार, सेना प्रमुख जनरल नरवणे को नया सीडीएस नियुक्त किया जा सकता है। दरअसल, सीडीएस का पद करीब चार महीनों से खाली पड़ा है। यह माना जा रहा था कि सेना प्रमुख को कार्यकाल पूरा करने के बाद इस पर नियुक्त किया जा सकता है। इसलिए संभावना है कि नए सेना प्रमुख की नियुक्त के साथ ही नए सीडीएस की नियुक्त भी हो जाएगी। हालांकि, सेना के भीतर यह भी चर्चा है कि अगर इस बार भी सीडीएस की नियुक्त नहीं होती है तो फिर इस पद को आगे भी लंबे समय तक खाली छोड़ा जा सकता है।

 

 

#CDS

Source : Agency

पाठको की राय