Wednesday, October 21st, 2026

कलेक्टर ने जिलेभर से आए जनसामान्य की समस्याओं को सुना और दिए निराकरण के निर्देश

राजनांदगांव
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज जनदर्शन में जिलेभर से आए जनसामान्य की समस्याओं को सुना और उनके निराकरण के लिए निर्देश दिए। जिससे लोगों को राहत मिली। गौरतलब है कि कोविड-19 के कारण जनदर्शन डेढ़ वर्षों के बाद प्रारंभ हुआ। समस्याओं और शिकायतों के निराकरण के लिए जनसामान्य दूर-दूर से आए थे।

श्रीमती वंदना प्रसन्न जैन ने अपने बेटे एवं बेटी के टीसी एवं अंकसूची निजी स्कूल से प्राप्त करने के लिए कलेक्टर को बताया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान उनके परिजनों की मृ़त्यु हो जाने से घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और वे अपने बच्चों का दाखिला शासकीय स्कूल में कराना चाहती है। कलेक्टर ने इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को टीसी तथा अंकसूची दिलाने के लिए निर्देश दिए। अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम कहाड़कसा से आई श्रीमती कमडजी बाई ने बताया कि भूमिहीन मजदूर है और उन्होंने राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत आवेदन भी किया था लेकिन उनका नाम अपात्र घोषित किया गया है। कलेक्टर ने उनके आवेदन के निराकरण के लिए तत्काल राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्रीमती लता उर्वशा को निर्देश दिए। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर टंकेश्वर प्रसाद साहू उपस्थित रहे।

 

Source : Agency

पाठको की राय