Thursday, October 22nd, 2026

IPL 2022 के फाइनल का टिकट कटाने वाले गुजरात टाइटन्स के कप्तान बोले, 'हार्दिक पांड्या का नाम बिकता है'

 नई दिल्ली
 
आईपीएल 2022 के क्वालीफायर 1 में राजस्थान रॉयल्स को हराकर गुजरात टाइटन्स को फाइनल में पहुंचाने वाले कप्तान हार्दिक पांड्या ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई सवालों के जवाब दिए। हार्दिक पांड्या ने अपनी चोट को लेकर अपना नाम न्यूज में छपने पर कहा कि हार्दिक पांड्या का नाम बिकता है। इस दौरान उन्होंने एमएस धोनी को लेकर भी कहा कि वे उनके भाई, दोस्त और परिवार के सदस्य जैसे हैं।

दरअसल, मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब उनसे पूछा गया कि वे टी20 वर्ल्ड कप 2021 के बाद से एक भी मैच नहीं खेले और सीधे आईपीएल खेलने उतरे। यहां तक कि आईपीएल 2022 के एक मैच में वे चोट के कारण बाहर रहे और वे न्यूज में बने रहे। इसको लेकर जब हार्दिक से सवाल किया तो उन्होंने कहा, "न्यूज के बारे में क्या कहूं। हार्दिक पांड्या का नाम बिकता है तो इसलिए मैं हंसकर निकाल देता हूं।"

वहीं, आईपीएल 2022 में शांत स्वभाव की कप्तानी करते हुए जब उनकी तुलना धोनी से की गई तो उन्होंने इसके जवाब में कहा, "माही भाई मेरे लिए एक प्रिय मित्र, भाई और परिवार हैं। मैंने उनसे कई चीजें सीखी हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से मजबूत बनना चाहता था। मैंने हमेशा शांति से सोचा है और यह मेरे लिए जीवन के साथ-साथ क्रिकेट के मैदान में भी महत्वपूर्ण रहा है।" गुजरात का फाइनल में सामना क्वालीफायर 2 की विजेता टीम से होगा।  

 

 

#IPL 2022

Source : Agency

पाठको की राय