Tuesday, October 20th, 2026

सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी है बजट : मुख्यमंत्री चौहान

मुख्यमंत्री चौहान ने केन्द्रीय बजट पर दी अपनी प्रतिक्रिया

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्म-निर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने वाला बजट है। यह वैभवशाली, गौरवशाली, सम्पन्न, समृद्ध और शक्तिशाली भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने वाला है। यह बजट सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी है। मुख्यमंत्री चौहान ने केन्द्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मंत्रालय में मीडियाकर्मियों से यह बात कही।

मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी का आभार मानते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग और देश के हर राज्य के कल्याण की व्यवस्था बजट में निहित है। यह गरीब कल्याण, किसानों के उत्थान, माताओं, बहनों और बेटियों को आगे बढ़ाने वाला बजट है। ये मध्यम वर्ग को सशक्त करने वाला बजट है। सात लाख रूपए तक की आय को टेक्स फ्री किया गया है। यह कमजोर वर्ग के कल्याण और नौजवानों का बजट है। मुख्यमंत्री चौहान ने सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी बजट के लिए केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण को बधाई दी।

 

 

#सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी

Source : Agency

पाठको की राय