Tuesday, October 20th, 2026

341 km लंबा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे 40 महीने में बनकर तैयार हुआ, भारतीय सैन्य ताकत को मिलेगी मजबूती

नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े 341 किलोमीटर के पूर्वांचल एक्‍सप्रेस-वे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उद्घाटन किया। करीब 22 हजार करोड़ की लागत से तैयार हुआ पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का उदघाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि तीन साल पहले जहां केवल जमीन थी, वहां आज इतना आधुनिक एक्सप्रेस वे गुजर रहा है। यह यूपी के विकास का एक्सप्रेस वे है। आपको बता दें कि इस एक्‍सप्रेस-वे का शिलान्यास 14 जुलाई 2018 को पीएम के हाथों करवाया गया था। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे योगी आदित्यनाथ का मेगा प्रोजेक्ट है। इस एक्सप्रेस वे पर सुल्तानपुर जिले के पास 3.2 किलोमीटर की दूरी विकसित कर रन वे का निर्माण किया गया है जहां आपात स्थिति में लड़ाकू विमान लैंड या टेकऑफ कर सकते हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा और सामरिक दृष्टि के लिहाज से इस एक्सप्रेस वे की अहम भूमिका मानी जा रही है। आज उद्घाटन समारोह के दौरान भारतीय वायुसेना ने पीएम मोदी के सामने अपना शौर्य दिखाया। वायु सेना के फाइटर एयरक्राफ्ट सुखोई, जगुआर और मिराज एक्‍सप्रेस-वे पर उतरे और फिर उड़ान भी भरी।

9 जिलों से होकर गुजरेगा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर से होकर निकलेगा। एक्सप्रेस-वे लखनऊ के चांद सराय गांव से शुरू होगा जो गाजीपुर में नेशनल हाईवे-31 पर स्थित हैदरिया गांव पर खत्म होगा। ये गांव यूपी-बिहार बॉर्डर से 18 किलोमीटर पहले पड़ता है। ये एक्सप्रेस-वे अभी 6 लेन का बनाया गया है, जिसे भविष्य में 8 लेन भी किया जा सकता है। दावा है कि इस एक्सप्रेस-वे से गाजीपुर से दिल्ली पहुंचने में 10 घंटे लगेंगे। 

पूर्वांचल एक्‍सप्रेस-वे से जुड़ी खास बातें 
गाजीपुर से दिल्ली पहुंचने में लगेंगे 10 घंटे।
लखनऊ से पूर्वांचल के आखिरी छोर तक सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से खेती-किसानी के लिए कारोबार के नए रास्ते खुलेंगे।
सब्जी और दुग्ध व्यवसाय को एक्सप्रेस-वे से फायदा होगा।
गाजीपुर से बिहार को जोड़ने के प्रस्ताव पर भी काम चल रहा है।
फिलहाल यात्रियों को टोल टैक्स नहीं देना पड़ेगा।
गाड़ियों की गति सीमा 100 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है।

 

#The 341

Source : Agency

पाठको की राय