Tuesday, October 20th, 2026

TET Paper Leak: 46 आरोपियों पर और कसेगा शिकंजा, संपत्ति का ब्योरा खंगाल रही एसटीएफ, पुलिस रडार पर हैं ये दो लोग

लखनऊ

टीईटी पर्चा लीक मामले में गिरफ्तार आरोपियों पर शिकंजा और कसना शुरू कर दिया गया है। इसी कड़ी में 12 जिलों से गिरफ्तार 46 आरोपियों की संपत्ति का ब्योरा खंगालना शुरू कर दिया है। ऐसी कार्रवाई पहली बार एसटीएफ स्तर से हो रही है। हालांकि ब्योरा खंगालने के बाद आगे की कार्रवाई संबंधित थानों की पुलिस ही करेगी। इसके साथ ही आरोपियों पर गैंगस्टर की संस्तुति करने की कवायद भी शुरू कर दी गई है। इसके लिये भी कानूनी औपचारिकतायें पूरी की जा रही हैं।

28 नवंबर को टीईटी का पर्चा लीक होने के बाद यह परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। उस दिन अलग-अलग जिलों से 14 आरोपी गिरफ्तार किये गये थे। इन लोगों से मिली जानकारी के बाद ही बड़ी गिरफ्तारी के रूप में परीक्षा नियामक प्राधिकरण के सचिव संजय उपाध्याय और छपाई का ठेका लेने वाले राय अनूप प्रसाद को भी पकड़ लिया गया था। इसके बाद सॉल्वर, गिरोह के अन्य सदस्यों की ताबड़तोड़ गिरफ्तारी की गई थी। कई आरोपी अभी भी रडार पर हैं।

पर्चा लीक होने के बाद ही सीएम ने आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर व रासुका के तहत कार्रवाई करने के लिये कहा था। इसी दौरान आरोपियों की संपत्ति भी जब्त करने को कहा गया था। अब इसी कड़ी में पूरे प्रकरण की जांच कर रही एसटीएफ ने पहले मुख्य आरोपियों की संपत्ति का ब्योरा तैयार करना शुरू कर दिया है। इस दौरान लखनऊ, शाहजहांपुर, नोएडा, बागपत, अलीगढ़, बरेली, सीतापुर, मुरादाबाद, शामली समेत 12 जिलों से टीमें पड़ताल कर रही है।

 

#TET Paper Leak

Source : Agency

पाठको की राय