Saturday, October 24th, 2026

TV एक्ट्रेस की हत्या में शामिल आतंकियों को सुरक्षाबलों ने किया ढेर

   श्रीनगर
 

जम्मू-कश्मीर के अवंतीपोरा में सुरक्षा बल और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में दोनों आतंकियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है. इन दोनों आतंकियों ने ही टीवी एक्ट्रेस अमरीन भट्ट की हत्या की थी. फिलहाल तलाशी अभियान जारी है. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दोनों आतंकियों को घेरकर मार गिराया. जम्मू कश्मीर के IGP ने कहा कि टीवी कलाकार अमरीन भट्ट की जघन्य हत्या का मामला 24 घंटे में सुलझा लिया गया. उन्होंने कहा, कश्मीर घाटी में 3 दिनों में जैश-ए-मोहम्मद के 3 और लश्कर-ए-तैयबा के 7 आतंकवादी मारे गए. हमने 10 आतंकियों को मार गिराया है.

IGP ने कहा कि मारे गए आतंकवादियों की पहचान शाहिद मुश्ताक निवासी बडगाम और फरहान हबीब निवासी हकरीपोरा पुलवामा के रूप में हुई है. उन्होंने लश्कर के कमांडर लतीफ के कहने पर टीवी कलाकार की हत्या की थी. घटना स्थल से 1 एके 56 राइफल, 4 मैगजीन और एक पिस्टल बरामद हुआ है.

श्रीनगर मुठभेड़ में लश्कर के मारे गए आतंकवादियों की पहचान शाकिर अहमद वाजा और आफरीन आफताब मलिक के रूप में की गई है. दोनों शोपियां के निवासी हैं. उनके पास से हथियार और गोला-बारूद सहित आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है.

जम्मू कश्मीर के आईजी ने बताया कि अवंतीपोरा में जिन आतंकियों को सुरक्षा बलों ने घेरा, उन्होंने ही कश्मीरी टीवी एक्ट्रेस की हत्या की थी. आगे की जानकारी मिलने के बाद बताई जाएगी.

 

हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी थी. इससे पहले मंगलवार को श्रीनगर में J&K पुलिस के कॉन्स्टेबल सैफुल्ला कादरी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी, जिसमें उनकी मौत हो गई. दूसरी घटना को घाटी के कुलगाम में अंजाम दिया था. जिले के यारीपोरा इलाके में आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर ग्रेनेड फेंककर फायरिंग की थी. इस घटना में 15 आम नागरिक घायल हो गए थे.

 

#indian

Source : Agency

पाठको की राय