Tuesday, October 20th, 2026

26 जनवरी को PM मोदी को टारगेट कर साजिश रच रहे आतंकी: खुफिया एजेंसी

नई दिल्ली
खुफिया एजेंसियों को गणतंत्र दिवस पर संभावित आतंकी साजिश के बारे में अलर्ट मिला है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की जान को खतरा बताया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नौ पन्नों की खुफिया जानकारी में पीएम मोदी और उन हस्तियों के लिए खतरा बताया गया है जो भारत के 75वें गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होंगे। गणतंत्र दिवस पर पांच मध्य एशियाई देशों- कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और उजबेकिस्तान के नेताओं को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किए जाने की संभावना है। नोट में बताया गया है कि यह खतरा पाकिस्तान/अफगानिस्तान-पाकिस्तान के बाहर स्थित गुटों से है।

साजिश में जुटे हैं ये आतंकी संगठन
रिपोर्ट के मुताबिक, आतंकी संगठनों का उद्देश्य बड़ी हस्तियों को टारगेट करना, सार्वजनिक सभाओं, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अशांति फैलाना है। ड्रोन से भी हमले की कोशिश की जा सकती है। इनपुट में कहा गया है कि आतंकी खतरे के पीछे लश्कर-ए-तैयबा, द रेजिस्टेंस फोर्स, जैश-ए-मोहम्मद, हरकत-उल-मुजाहिदीन और हिज्ब-उल-मुजाहिदीन जैसे आतंकी संगठन हैं।

पंजाब में आतंक फैलाने के लिए कैडर जुटा रहे खालिस्तानी
इनपुट में कहा गया है कि पाकिस्तान में स्थित खालिस्तानी समूह भी पंजाब में आतंक फैलाने के लिए कैडरों को जुटा रहे हैं। वे पंजाब और अन्य राज्यों में टारगेटेड अटैक की भी योजना बना रहे हैं। फरवरी 2021 में मिले इनपुट के अनुसार, खालिस्तानी आतंकी गुट प्रधानमंत्री की बैठक और पर्यटन स्थलों पर हमला करने की फिराक में हैं।

 

 

#Intelligence agency

Source : Agency

पाठको की राय