Tuesday, October 20th, 2026

आतंकी मॉड्यूल एनआईए ने एक और आरोपी को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली
 राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पटना के फुलवारीशरीफ इलाके में संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल के मामले में बिहार के मोतिहारी जिले से एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान इरशाद उर्फ बेलाल के रूप में हुई है। अधिकारी ने कहा कि उसे जितौरा गांव से पकड़ा गया, बाद में मुजफ्फरपुर जिले के परसौनी गांव में एक ठिकाने से लोहे की दो तलवारें और प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) का एक बैनर भी बरामद किया गया।

एनआईए ने कहा कि मामले में सातवें आरोपी इरशाद को सांप्रदायिक नफरत और दुश्मनी फैलाने के लिए पीएफआई की आपराधिक साजिश में सक्रिय रूप से शामिल पाया गया। इरशाद ने पटना के फुलवारी शरीफ इलाके में अहमद पैलेस में शारीरिक शिक्षा की आड़ में आयोजित प्रशिक्षण कक्षाओं में भाग लिया था।

वह पीएफआई के प्रशिक्षण केंद्रों और गतिविधियों से भी जुड़ा हुआ था। पीएफआई की गैरकानूनी और हिंसक गतिविधियों से जुड़े इस मामले में पहले छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पटना के फुलवारी शरीफ पुलिस स्टेशन में 12 जुलाई, 2022 को मामला दर्ज किया गया था और 10 दिन बाद मामले की जांच एनआईए ने अपने हाथ में ले ली थी।

एक व्यक्ति याकूब अभी भी फरार है। उसने हाल ही में एक अपमानजनक और भड़काऊ फेसबुक वीडियो पोस्ट किया था, जिसका उद्देश्य शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ना था। कई फेसबुक यूजर्स ने उस पोस्ट की आलोचना की। इससे पहले रविवार को एनआईए ने बिहार के मोतिहारी जिले में व्यापक तलाशी ली थी और दो लोगों को गिरफ्तार किया था।

 

#एनआईए

Source : Agency

पाठको की राय