हनुमान जन्मोत्सव के लिए सजे मंदिर , भजन - पूजन - अखंड पाठ शुरू
( अमिताभ पाण्डेय)
भोपाल
भक्ति और शक्ति के दाता भगवान हनुमान का जन्मोत्सव 6 अप्रैल को राजधानी में भी परंपरागत हर्ष उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए भोपाल के मंदिरों की विशेष साज सज्जा की गई है। मंदिरों में विशेष पूजा , हवन , भंडारे सहित अन्य आयोजन शुरू हो गए l देवाधिदेव भगवान श्री राम के अनन्य भक्त भगवान हनुमान की प्रतिमाओं का मंदिरों में आकर्षक श्रृंगार किया है। मंदिर के परिसर में मधुर भजनों की धुन पर भक्तगण हनुमान जी महाराज की आराधना कर रहे हैं।
भोपाल में एयरपोर्ट रोड पर मनुआभान टेकरी स्थित श्री गुरुकृपा हनुमान मंदिर पर आज से पंडित रामलखन तिवारी और भक्त मंडल की ओर से अखंड पाठ , धुन प्रारंभ हो गई है जिसका समापन कल हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर किया जाएगा। कल पंडित धीरेंद्र नाथ शर्मा की धर्मप्रेमी नागरिकों के साथ हवन में पूर्णाहुति देंगे। इस बारे में योगगुरु और हनुमान मंदिर के प्रमुख सेवादार सरदार जगजीत सिंह ने बताया कि मंदिर में कल भोपाल के साथ ही आसपास से आए भक्त मंडल संगीतमय सुंदरकांड का वाचन करेंगे। इस बार भी भक्तिभाव पर आधारित इस कार्यक्रम में नर्मदापुरम, इटारसी , दिल्ली , सहित अन्य शहरों से आए भक्त भी शामिल होंगे।
हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर भोपाल न्यू मार्केट स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर की विशेष सजावट की गई है। मंदिर परिसर को एक हजार रंगीन कपड़ों और 300 किलो फूलों से सजाया गया है।
भोपाल के सराफा मार्केट में कल भगवान हनुमानजी की प्रतिमा का सोने के वर्क से श्रंगार होगा और 56 भोग लगाया जाएगा। यह आयोजन बालाजी भक्त मण्डल के तत्वावधान में किया जा रहा है। इस अवसर पर हनुमानजी भक्तों के लिए भंडारा भी होगा जिसमें प्रसादी वितरण किया जाएगा।
बालाजी भक्त मण्डल के पदाधिकारी गोपाल सोनी, मनोज सोनी , दिलीप गुप्ता के साथ मीडिया प्रभारी रूपेश गुप्ता ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव पर 6 अप्रैल को सुबह 10 बजे मण्डल के कार्यकर्ता सुभाष चौक पर एकत्र होंगे। यहां से गाजे बाजे के साथ 56 भोग यात्रा शुरू होगी, जो लोहा बाजार स्थित प्राचीन श्रीनाथ जी मंदिर पहुँचेगी। यहां भगवान हनुमानजी की आदमकद प्रतिमा का सोने के वर्क से श्रंगार कर महाआरती के बाद 56 व्यंजनों का भोग अर्पित कर विश्व शांति की कामना की जायेगी। इसके बाद सुभाष चौक में नगर भंडारा शुरू होगा, देर रात तक जारी रहेगा। इस बीच शाम को यहां भजन संध्या भी होगी।
भारतीय संस्कृति को समर्पित सामाजिक संस्था आत्मीय सभा की ओर से बजरंगबली के मंदिर पर संगीतमय सुंदरकांड की प्रस्तुति का आयोजन किया गया। इसमें संस्था के सचिव विश्वजीत त्रिवेदी ने भजन गायक आनंद जोशी और उनकी टीम के सदस्यों का अभिनंदन किया। इसके बाद रामधुन के साथ भजन कीर्तन प्रारंभ हुए । इस आयोजन में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक उपस्थित थे।

पाठको की राय