लू की चपेट में MP, राजगढ़ में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस
भोपाल
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत, मध्य प्रदेश और विदर्भ में लू का प्रकोप जारी रहने की संभावना है. हरियाणा के हिसार एएमएफयू स्टेशन में पूरे भारत में अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं मध्य प्रदेश के राजगढ़ में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज तक पहुंच गया है.
एमपी में लू का प्रकोप
मध्य प्रदेश में शनिवार को भी लू जारी रही, क्योंकि प्रदेश के कई हिस्सों में औसत तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे लोग दिन के समय घरों के अंदर रहने को मजबूर हो गए हैं. खजुराहो, नर्मदापुरम, राजगढ़, दमोह, खंडवा, खरगोन और नौगांव जैसे स्थानों में अधिकतम तापमान शनिवार को 43 डिग्री सेल्सियस को छू गया. जबकि छिंदवाड़ा, रीवा, सीधी, गुना, राजगढ़, दमोह, सागर, सतना, जबलपुर और ग्वालियर में लू जारी रही.
भारत मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान
एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के 12 अप्रैल की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है और इसके प्रभाव में, 12 और 13 अप्रैल को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की/मध्यम छिटपुट वर्षा होने की संभावना है. इससे 11 और 12 अप्रैल के दौरान राजस्थान में धूल भरी हवाएं (20-30 किमी प्रति घंटे) चलने की संभावना है. आईएमडी ने कहा कि 10 और 11 अप्रैल को दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश में तेज हवाएं (25-35 किमी प्रति घंटे) चलने की संभावना है.
इन जगहों पर देश में तापमान पहुंचा 44 डिग्री सेल्सियस तक
राजस्थान में गंगानगर (44.6), उत्तर प्रदेश में प्रयागराज (44.4), मध्य प्रदेश में राजगढ़ (44) और एनसीआर में गुरुग्राम में 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

पाठको की राय