Saturday, October 24th, 2026

तेजस्वी यादव नए शौक के साथ आए सामने, हाथ में रैकेट देख यूजर बोले- आप असली शेर हो

पटना
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इन दिनों अपने बयानों के इतर खेलों में हाथ आजमाने को लेकर सुर्खियों में हैं। पिछले महीने दो बार लालू प्रसाद यादव के बेटे ने पसीना बहाते हुए  वीडियो साझा किया था। बैट थामा तो चौके-छक्के लगाए। बाल हाथ में ली तो प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को चकित किया। अब तेजस्वी नए शौक के साथ सामने आए हैं। मंगलवार को उन्होंने टेबल टेनिस पर हाथ आजमाया। फेसबुक पर उन्होंने वीडियो साझा किया। तेजस्वी ने लिखा कि हार या जीत से डरो मत, बस खेल खेलो और अपना सर्वश्रेष्ठ दो। वीडियो देख यूजर खूब कमेंट कर रहे हैं। जय सिंह ने लिखा, आने वाले समय में आप से यही उम्मीद है। आप ही असली शेर हो। पिछले महीने बिहार विधानसभा के शताब्दी समारोह में भाग लेने आए प्रधानमंत्री ने तेजस्वी को मोटापा कम करने का सुझाव दिया था। इसके बाद लगातार नेता प्रतिपक्ष शारीरिक श्रम करते नजर आ रहे हैं।  

बाहुबली अंदाज में खींच चुके हैं जीप
पिछले महीने तेजस्वी अपने आवासीय परिसर में बाहुबली के अंदाज में एक वीडियो में जीप को खींचते हुए नजर आए थे। पटना में अपनी मां राबड़ी देवी के सरकारी आवास से इंटरनेट मीडिया पर बाहुबली अंदाज में एक पुरानी जीप को खींचते हुए वीडियो अपलोड किया था। तेजस्वी कभी जीप को खींच रहे हैं तो कभी आगे की ओर धकेल रहे हैं। वीडियो के साथ लिखा है कि मेहनत ही कर्म है। जीप की ड्राइविंग सीट पर एक व्यक्ति बैठा है, जिसका काम स्टेयरिंग के जरिए गाड़ी को संतुलित रखना है। टी-शर्ट पहने तेजस्वी जीप को खींचते-धकेलते हुए पसीने से लथपथ दिख रहे हैं। इस जीप को लालू प्रसाद ने मुख्यमंत्री बनने के पहले 1977 में पांच हजार रुपये में सेकंड हैैंड खरीदा था। तभी से यह जीप शकुन के तौर पर राबड़ी आवास में है। इसके कुछ दिन पहले वे अपने आवासीय परिसर में ही क्रिकेट खेलकर पसीना बहाते देखे गए थे। उस वक्त भी उसे प्रधानमंत्री के सुझाव से जोड़कर देखा गया था।

हार या जीत से डरो मत, बस खेल खेलो
मंगलवार को तेजस्वी ने टेबल टेनिस पर हाथ आजमाया। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर नौ सेकेंड का वीडियो साझा किया। तेजस्वी ने लिखा, हार या जीत से डरो मत, बस खेल खेलो और अपना सर्वश्रेष्ठ दो। जब आपके प्रदर्शन की गिनती करने की बात आती है तो बदलाव, आत्मविश्वास, निरंतरता और एकाग्रता से ज्यादा प्रभावी कुछ नहीं होता है।

 

#Tejashwi Yadav

Source : Agency

पाठको की राय