Thursday, October 22nd, 2026

रिंटू सिंह की हत्या पर तेजस्वी का नीतीश पर हमला, पूछा- सरकार मंत्री लेशी सिंह और उनके भतीजे पर क्यों है चुप?

पटना
पूर्णिया में नवनिर्वाचित जिला पार्षद के पति रिंटू सिंह की हत्या को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर हमला बोला है। उनका कहना है कि मंत्री लेशी सिंह पर नीतीश कुमार चुप क्यों हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार की मंत्री के भतीजे ने खुलेआम हत्या करवा दी पर नीतीश कुमार हरकत में आने के बजाय कान में तेल डालकर दूसरी ओर देखने का ढोंग कर रहे हैं। तेजस्वी यादव ने पत्रकार और पूर्व जिला परिषद सदस्य की पूर्णिया में हत्या पर कहा, 'नीतीश कुमार की मंत्री लेशी सिंह और उनके भतीजे आरोपी हैं। एसएचओ को सस्पेंड कर दिया गया है, लेकिन जब मृतक के परिजन सीधे तौर पर लेशी सिंह और उनके भतीजे पर आरोप लगा रहे हैं तो राज्य सरकार और उनके मुखिया चुप क्यों है?' सीएम नीतीश पर हमला करते हुए तेजस्वी ने कहा कि उन्हें राजद शासनकाल और उनके 15 वर्षों के अपराध के आंकड़ों का तुलनात्मक अध्ययन करना चाहिए इससे उनके भ्रम दूर होने के साथ-साथ मन, दिल और दिमाग के कपाट खुल जाएंगे। मैंने अनेक बार विधानसभा सबूत सहित आंकड़े पेश किए हैं लेकिन उन्होंने कभी भी गृहमंत्री के नाते मेरे सवालों का जवाब नहीं दिया क्योंकि उनके पास जवाब है ही नहीं।

राजद नेता ने कहा कि विश्वजीत उर्फ रिंटू सिंह पुलिस को मंत्री लेशी सिंह और उनके भतीजे से अपने जान के खतरे को लेकर लिखित रूप में आवेदन दे चुके थे। पर नीतीश कुमार की पुलिस ने ना तो एफआईआर दर्ज कीया और ना ही उन्हें सुरक्षा प्रदान की। वहीं मधुबनी में मिले पत्रकार और आरटीआई एक्टिविस्ट अविनाश झा की भी दो दिन लापता रहने के बाद संदिग्ध हालत में लाश मिली है। सभी का मानना है कि अस्पताल माफिया के विरुद्ध आवाज उठाने पर सरकार में बैठे लोगों ने उनकी हत्या करवाई है। उन्होंने कई मामलों के हवाला देते हुए नीतीश सरकार पर हमला बोला। राजद विधायक ने कहा कि जब मुख्यमंत्री का अपने खूनी विधायकों और मंत्रियों पर नियंत्रण नहीं है तो अपराधियों, आपराधिक प्रवृत्ति वाली बिहार पुलिस और शराब माफिया पर कहां से होगा? जिस 'गड़बड़ लोग' की नीतीश कुमार बात करते रहते हैं वो सब का सब तो उनकी पार्टी, सरकार, गठबंधन और प्रशासन में ही बैठा है।

तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार अच्छे से जानते हैं कि अगर एक-एक अपराधी और सत्ता संरक्षित माफिया को ईमानदारी से पकड़ने लगेंगे तो एनडीए के लगभग सभी नेता, विधायक, मंत्री और स्वयं वो खुद जेल में मिलेंगे। पूरी सरकार बेउर जेल से चलेगी और हर विधानसभा सत्र में 5-6 बस भरकर इनके नेता और ये खुद सत्र में भाग लेने आएंगे। ऐसा थके और अपराधियों से सांठ-गांठ वाले, माफिया को संरक्षण देने वाले, सुनियोजित भ्रष्टाचार से अपनी पार्टी चलाने वाले, खुद 76 घोटाले कर के उनपर लंबी तानकर सोने वाले मुख्यमंत्री से बिहारवासी क्या उम्मीद लगाए हैं?
 

 

#Tejashwi

Source : Agency

पाठको की राय