Tuesday, October 20th, 2026

रोपवे में तकनीकी समस्या ,मैहर में 100 से अधिक श्रद्धालु हवा में लटके रहे 45 मिनट

सतना
जिले के मैहर में मां शारदा देवी मंदिर के त्रिकूट पर्वत पर आज दोपहर दो बजे सौ से अधिक श्रद्धालु हवा में लटके रहे और उनकी सांसें ऊपर नीचे होती रहीं। दरअसल मां शारदा के दर्शन के लिए त्रिकूट पर्वत पर लगाए गए रोपवे में तकनीकी समस्या आ गई और रोपवे चलते-चलते रुक गया। जिस समय रोपवे रुका उस समय 30 से 32 ट्राली हवा में झूल रही थीं। प्रत्येक ट्राली में चार यात्री सवार थे। इस दौरान लगभग 120 यात्री हवा में ही लटके रहे। लगभग 45 मिनट तक हवा में झूल रही ट्रालियों में सवार यात्री और बच्चे सहित कतार में लगे श्रद्धालु प्यास के कारण तड़पने लगे। जैसे ही यह जानकारी प्रशासन को लगी तो आनन-फानन में श्रद्धालुओं को पानी आदि पहुंचाया और रोपवे का सुधार कार्य इंजीनियरों द्वारा शुरू किया गया। 45 मिनट बाद जब दोबारा रोपवे शुरू हुआ तो हवा में फंसे श्रद्धालुओं के जान में जान आई।


एसडीएम ने दिए निर्देश, श्रद्धालुओं के रुपये वापस करें : रोपवे में फंसे श्रद्धालुओं को हुई समस्या के कारण मंदिर प्रबंधन समिति की जमकर किरकिरी हो रही है। इसे देखते हुए मैहर एसडीएम धर्मेंद्र मिश्रा द्वारा दामोदर रोपवे कंपनी के प्रबंधकों से बात कर जो श्रद्धालुओं को समस्या हुई है उन्हें रोपवे टिकट की राशि वापस करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही एसडीएम ने इस घटना की जांच के निर्देश और इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने रोपवे प्रबंधन से कहा है। एसडीएम ने यह भी निर्देश दिए हैं कि ऐसी घटना दोबारा ना हो इसके उचित प्रबंध किए जाएं।

 

#रोपवे में तकनीकी

Source : Agency

पाठको की राय