Sunday, October 25th, 2026

तकनीकी खराबी आई गो एयर के दो विमानों में , एक फ्लाइट दिल्ली तो दूसरी श्रीनगर भेजी गई

नई दिल्ली
भारतीय विमानों में तकनीकी खराबी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला आज भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, GoAir A320 विमान में तकनीकी खराबी मिलने के बाद फ्लाइट को दिल्ली के लिए डायवर्ट कर दिया गया है। डायरेक्टर जनरल आफ सिविल एविएशन (DGCA) ने विमान में आई तकनीकी खराबी की जानकारी दी है। डीजीसीए ने बताया कि GoAir की मुंबई से लेह जा रही फ्लाइट में तकनीकी खराबी का पता चला। जिसके बाद विमान को दिल्ली की ओर डायवर्ट किया गया है।

GoAir के दो विमानों में आई खराबी
दरअसल, डीजीसीए ने जानकारी देते हुए बताया कि फ्लाइट VT-WGA G8-386 ने मुंबई से लेह के लिए उड़ान भरी थी। तभी उसमें तकनीकी खराबी मिलने के बाद फ्लाइट को दिल्ली के लिए डायवर्ट किया गया। इसके अलावा GoAir के एक अन्य विमान VT-WJG G8-6202, जिसने श्रीनगर से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी, उसे इंजन ओवरलिमिट के कारण वापस श्रीनगर एयरपोर्ट पर लैंड कराना पड़ा है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने कहा कि हम जांच कर रहे हैं और इस बीच इन दोनों विमानों को लैंड कराया गया है और डीजीसीए द्वारा मंजूरी मिलने पर ही उड़ान की अनुमति दी जाएगी।

कराची में कराई गई थी दो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग
बता दें कि 17 जुलाई को इंडिगो शारजाह-हैदराबाद फ्लाइट को पायलट द्वारा विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिलने के बाद पाकिस्तान के कराची में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। इसके अलावा पांच जुलाई को नई दिल्ली से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट की तकनीकी खराबी की वजह से कराची हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मांगी थी रिपोर्ट
एक दिन पहले ही केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हवाई यात्रा की सुरक्षा मानदंडों की समीक्षा के लिए एयरलाइन कंपनियों के प्रमुखों के साथ बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने सभी एयरलाइन कंपनियों को निर्देश जारी किए थे। साथ ही केंद्रीय मंत्री ने विमानों में आई तकनीकी खराबी पर भी रिपोर्ट मांगी थी।

 

#Technical fault

Source : Agency

पाठको की राय