Wednesday, October 21st, 2026

रोहित शर्मा, विराट कोहली नहीं जसप्रीत बुमराह के बिना आधी है टीम इंडिया: आकाश चोपड़ा

नई दिल्ली
टी-20 विश्व कप 2021 के सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए टीम इंडिया का संघर्ष जारी है। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के हाथों करारी हार झेलने के बाद विराट कोहली एंड कंपनी ने अफगानिस्तान और स्कॉटलैंड के खिलाफ लगातार दो बड़ी जीत दर्ज की है। हालांकि, टीम की तकदीर का फैसला अब अफगानिस्तान के हाथों में है, जो 7 नवंबर को न्यूजीलैंड से भिड़ेगी। आखिरी दो मैचों में भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों ने ही अपना दमखम दिखाया है, पर टीम इंडिया का एक खिलाड़ी ऐसा भी रहा है जिसने सभी मैचों में टीम की जीत के लिए पूरा जोर लगाया है। और वह रहे हैं जसप्रीत बुमराह, जिन्होंने हर मुकाबले में अपनी गेंदबाजी से छाप छोड़ी है और पिछली दो धमाकेदार जीत में भी अहम किरदार निभाया है। यही वजह है कि भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि बुमराह के बिना कोहली की यह टीम आधी नजर आती है। 

अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा, 'बिलकुल ईमानदारी से बात करते हैं, यह टीम अचानक से एक खिलाड़ी को निकालने के बाद आधी लगती है और वह खिलाड़ी रोहित, राहुल या कोहली नहीं, बल्कि जसप्रीत बुमराह हैं। बुमराह हमारी इंश्योरेंस पॉलिसी हैं। उन्होंने भारत को कमाल की शुरुआत दी। बुमराह की कहानी इन दिनों ऐसी है कि वह या तो यॉर्कर फेंक रहे हैं या फिर धीमी गति की गेंद। वह इस टूर्नामेंट में लाजवाब रहे हैं, लेकिन मुझे लगता है कि कुछ गेंदबाजी लेंथ के ऊपर भी की जा सकती है, जो वह कर सकते हैं, पर इस समय कर नहीं रहे हैं।' बुमराह ने स्कॉटलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अपने 3.4 ओवर के स्पैल में महज 10 रन खर्च किए और दो बड़े विकेट चटकाए। इस टूर्नामेंट में यॉर्कर किंग के नाम से मशहूर बुमराह का प्रदर्शन बेमिसाल रहा है और उन्होंने अबतक पांच विकेट अपने नाम किए हैं। भारत के इस तेज गेंदबाज का इकॉनमी भी छह के अंदर का रहा है। भारत ने स्कॉटलैंड को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। टीम को अपना अगला मैच 8 नवंबर को नामीबिया के खिलाफ खेलना है। 
 

 

#Jasprit Bumrah#Rohit Sharma#Virat Kohli

Source : Agency

पाठको की राय