Sunday, October 25th, 2026

‘जिम्मेदारियां’ लेकर जल्द जुटेगी ‘जनसेवा’ में टीम BJP तैयार

भोपाल
प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की घोषणा के बाद अब इसी माह भोपाल में ही इसकी बैठक बुलाए जाने की तैयारी की जा रही है। बैठक में नए सदस्यों को कोरोना संक्रमण के दौरान बदली परिस्थितियों में जनसेवा के लिए प्रेरित करने का काम किया जाएगा।

बैठक में प्रदेश प्रभारी समेत केंद्रीय मंत्रियों की भी मौजूदगी रहेगी। कार्यसमिति की बैठक में जिन मसलों पर चर्चा होना है उस पर प्रदेश अध्यक्ष की टीम ने मंथन शुरू कर दिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की सहमति के साथ ही बैठक की तारीख का ऐलान किया जाएगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने तीन दिन पहले कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। इसमें 23 स्थायी आमंत्रित सदस्य, 162 कार्यसमिति सदस्य और 217 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल किए गए हैं। इसके बाद अब जल्द ही कार्यसमिति की बैठक बुलाए जाने को लेकर प्रदेश अध्यक्ष शर्मा संगठन पदाधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं और सूत्रों का कहना है कि जून माह में यह बैठक भोपाल में हो सकती है।

चूंकि 15 जून के बाद कोरोना अनलॉक को लेकर राज्य शासन द्वारा जारी की जाने वाली गाइडलाइन में एक स्थान पर एकत्र होने वाली लोगों की संख्या बढ़ाने के संकेत मिले हैं। इसलिए माना जा रहा है कि ऐसे ओपन स्पेस में यह बैठक होगी जिसमें करीब पांच सौ लोगों को दूर दूर बैठाने का इंतजाम हो क्योंकि प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यसमिति में शामिल नेताओं की संख्या करीब साढ़े चार सौ तक पहुंच चुकी है।

बताया जाता है कि कोरोना के चलते कार्यसमिति की बैठक करीब सवा साल से अधिक समय से नहीं हो सकी है। अब जबकि कोरोना ने जीवन शैली में बदलाव लाया है तो कार्यसमिति की बैठक में कोरोना के बीच जनसेवा के काम करने पर चर्चा की जाएगी।

 

#Team BJP

Source : Agency

पाठको की राय