Tuesday, October 20th, 2026

ट्रेन की चपेट में आने से शिक्षक की शहडोल में मौत

सागर

सागर के पगारा सरस्वती शिशु मंदिर में पदस्थ शिक्षक की शहडोल में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वे छत्तीसगढ़ में अपने रिश्तेदार को छोड़कर वापस सागर लौट रहे थे। तभी हादसे का शिकार हो गए। शिक्षक का शव सागर लाया गया है। मंगलवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। जानकारी के अनुसार शिक्षक मनोज नेमा उम्र 54 साल निवासी सागर अपनी बुआ को छोड़ने के लिए छत्तीसगढ़ के भिलाई गए थे। वे भिलाई से दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस में सवार होकर सागर लौट रहे थे। तभी शहडोल रेलवे स्टेशन के पहले राजेन्द्र नाम पर युवक मिला।

वह उनके पास आया और बात करने लगा। स्टेशन आने के पहले उक्त युवक ने शिक्षक नेमा से जरूरी कॉल करने के लिए मोबाइल मांगा। नेमा ने उसे मोबाइल दे दिया। मोबाइल लेकर युवक भागा और ट्रेन से कूद गया। जिसका नेमा ने पीछा किया और ट्रेन से उतरते समय वे ट्रेन की चपेट में आ गए। दुर्घटना में सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें लगने से शिक्षक की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर शहडोल रेल पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा बनाया। रेल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को पकड़ा।

उसके पास से मोबाइल बरामद किया। पूछताछ में आरोपी राजेन्द्र ने उक्त मोबाइल मृतक शिक्षक नेमा का होना बताया। उसने बताया कि वह मोबाइल लेकर भागा था। मोबाइल मिलने के बाद रेल पुलिस ने मृतक शिक्षक के परिवार वालों को घटनाक्रम की सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार के लोग शहडोल पहुंचे। जहां पोस्टमार्टम कराकर रेल पुलिस ने शव परिवार वालों को सौंप दिया। मामले में रेल पुलिस ने राजेन्द्र के खिलाफ प्रकरण दर्ज जांच में लिया है।

 

#ट्रेन की चपेट

Source : Agency

पाठको की राय