Thursday, October 22nd, 2026

कोरोना से शिक्षक की मौत, पत्नी को मिली अनुकम्पा नियुक्ति

धमतरी
मगरलोड विकासखण्ड के ग्राम बेन्द्राचुवा निवासी श्रीमती हेमलता कंवर को आज स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से सहायक ग्रेड-3 पद के विरूद्ध अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान की गई। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित ई-मेगा लीगल कैम्प में श्रीमती कंवर को अनुकम्पा नियुक्ति का आदेश पत्र प्रदान किया गया। उनके पति चेतन प्रसाद कंवर, जो कि सहायक शिक्षक (एलबी) के तौर पर पदस्थ थे, की मृत्यु कोविड-19 के संक्रमण की चपेट में आने से हो गई थी। उन्होंने बताया कि यदि यह अनुकम्पा नहीं मिलती तो उनका पूरा परिवार आर्थिक बोझ के तले दबकर बिखर जाता।

हेमलता ने बताया कि वह कक्षा 12वीं तक शिक्षित हैं तथा उनकी नियुक्ति मगरलोड के ग्राम बेलौदी के स्कूल में सहायक ग्रेड-3 के पद पर हुई है। अब अनुकम्पा नियुक्ति मिलने से वह खुद को, अपने बच्चे और परिवार को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले अनुकम्पा नियुक्ति में सालों लग जाते थे, अब इस पर फौरी तौर पर अमल हो रहा है। श्रीमती कंवर ने उक्त मेगा लीगल सर्विस कैम्प को एक बेहतर मंच बताते हुए बीच मझधार में किश्ती की संज्ञा दी। इसी तरह स्वास्थ्य विभाग में धनेश्वर पाल की अनुकम्पा नियुक्ति सहायक ग्रेड-03 के तौर पर करके उनकी पदस्थापना नगरी विकासखण्ड के सिविल अस्पताल बोरई में की गई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुधीर कुमार और कलेक्टर पी.एस. एल्मा ने आज उन्हें मेगा लीगल कैम्प में अनुकम्पा नियुक्ति पत्र सौंपा।

 

#appointment

Source : Agency

पाठको की राय