Wednesday, October 21st, 2026

तालिबान राजी हुआ अमेरिका के 200 और नागरिकों को अफगान छोड़ने की अनुमति देने पर

 वाशिंगटन 
अफगानिस्तान की सत्ता में 20 साल बाद वापसी करने वाला तालिबान करीब 200 और अमेरिकी और अन्य नागरिकों को जाने की अनुमति देने पर राजी हो गया है। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि तालिबान अमेरिका के 200 नागरिकों और अन्य लोगों को अफगानिस्तान छोड़ने की अनुमति देगा। बता दें कि 31 अगस्त को अफगानिस्तान छोड़ने की अमेरिका की मियाद पूरी हो गई थी, जिसकी वजह से निकासी अभियान के बाद भी काबुल में कुछ अमेरिकी नागरिक छूट गए थे। 

एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि तालिबान के अधिकारियों ने 200 अमेरिकी नागरिकों और अन्य देश के नागरिकों को काबुल हवाई अड्डे से चार्टर फ्लाइटों से अफगान छोड़ने की अनुमति देने पर सहमति व्यक्त की है। नाम न छापने की शर्त पर रॉयटर्स से बात करने वाले अधिकारी ने कहा कि तालिबान पर अमेरिकी विशेष प्रतिनिधि जल्मय खलीलजाद द्वारा नागरिकों की वापसी की अनुमति देने के लिए दबाव डाला गया था।

बताया जा रहा है कि इन नागिरकों के गुरुवार को रवाना होने की उम्मीद है। हालांकि, अधिकारी यह नहीं बता सके कि क्या ये अमेरिकी और तीसरे देश के नागरिक मजार-ए-शरीफ में दिनों से फंसे लोगों में से ही हैं, क्योंकि बीते दिनों तालिबान द्ववारा उन्हें निजी चार्टर से जाने की अनुमति नहीं दी गई थी। बता दें कि बीते काफी दिनों से अमेरिका अपने नागरिकों को संकटग्रस्त देश से निकालने के लिए तालिबान से बातचीत कर रहा है। 

 

#अमेरिका के 200 और नागरिकों

Source : Agency

पाठको की राय