Wednesday, October 21st, 2026

टी-20 विश्व कप फाइनल : फिंच और विलियमसन ने मैच के बाद कही ये बात

दुबई
टी-20 विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को आठ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने पहली बार विश्व कप अपने नाम किया।

न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कहा- हमें लगा कि यह स्कोर अच्छा है लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने बखूबी उसका पीछा किया। वह शानदार टीम है और पूरे टूर्नामेंट में उसने यादगार प्रदर्शन किया। हम ज्यादा पीछे नहीं थे लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने हमें कोई मौका नहीं दिया। इसके बावजूद मुझे टीम के प्रदर्शन पर गर्व है।

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एरॉन फिंच ने कहा- पहली बार टी20 विश्व कप जीतने पर गर्व है। पूरे टूर्नामेंट में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। लोगों ने हमारा बोरिया बिस्तर बांध दिया था लेकिन हमने हार नहीं मानी और शानदार वापसी की। मेरी नजर में तो जांपा टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करके बड़े विकेट लिए। मिशेल मार्श ने पहली गेंद से ही दबाव बना दिया। मैथ्यू वेड ने सेमीफाइनल में मार्कस स्टोइनिस के साथ मिलकर कमाल किया।

प्लेयर ऑफ द मैच मिचेल मार्श ने कहा- मैं चाहता था कि इस मैच में अपनी मौजूदगी दर्ज कराऊं और ऐसा ही हुआ। मैंने अपना स्वाभाविक खेल दिखाया और अब मेरे पास अपनी खुशी का इजहार करने के लिए शब्द नहीं हैं। ये छह सप्ताह यादगार रहे।

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट डेविड वार्नर ने कहा- मुझे हमेशा से खुद पर भरोसा था और मैंने बेसिक्स मजबूत रखने के साथ कड़ी विकेटों पर बल्लेबाजी का खूब अभ्यास किया। यह शानदार टीम है, बेहतरीन सहयोगी स्टाफ है और दुनिया भर में लाजवाब समर्थक भी हैं। हम हमेशा उनके लिए बेहतरीन खेलना चाहते हैं और हमें खुशी है कि आज ऐसा कर सके।

 

#T20 World Cup

Source : Agency

पाठको की राय