Friday, October 23rd, 2026

T20 WC : शाकिब अल हसन ने रोहित शर्मा की तारीफ करते हुए कहा कि वह अकेले ही मैच का रूख बदल सकते हैं

नई दिल्ली
भारत के खिलाफ अभ्यास मैच से पहले बांग्लादेश के अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की तारीफ करते हुए कहा कि वह अकेले ही मैच का रूख बदल सकते हैं। शनिवार को न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास मैच में एशियाई पड़ोसी देशों का आमना-सामना होना है। टी20 विश्व कप में भारत का यह एकमात्र अभ्यास मैच होगा।

शाकिब ने कहा, 'मुझे लगता है कि पिछले कुछ सालों में जिस तरह से उन्होंने भारत का नेतृत्व किया, वह शानदार था। कप्तान के तौर पर उनका रिकॉर्ड शानदार है। मुझे लगता है कि सभी खिलाड़ी टीम के लीडर के तौर पर उनका सम्मान करते हैं और वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो अकेले दम पर प्रतिद्वंद्वी से मैच छीन सकते हैं।'

दूसरी ओर रोहित ने कहा कि 5 जून को आयरलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलने से पहले अमेरिकी परिस्थितियों के अनुकूल होना उनके लिए महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा, हम (टूर्नामेंट से पहले) परिस्थितियों को अधिक महत्वपूर्ण रूप से समझना चाहते हैं क्योंकि हम पहले यहां नहीं आए हैं। रोहित ने कहा, 'हम परिस्थितियों का पूरा लाभ उठाने की कोशिश करेंगे और 5 जून को जब हम अपना पहला मैच खेलेंगे तो वहां की परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढाल लेंगे। यह मैदान, पिच और इस तरह की चीजों को समझने की लय में आने के बारे में है।'

सलामी बल्लेबाज स्टेडियम में प्रशंसकों को देखने के लिए उत्सुक हैं क्योंकि अमेरिका और वेस्टइंडीज अपने पहले क्रिकेट विश्व कप की मेजबानी कर रहे हैं। रोहित ने कहा, 'न्यूयॉर्क में लोग विश्व कप देखने के लिए बहुत उत्सुक होंगे, क्योंकि विश्व कप पहली बार यहां हो रहा है। मुझे पूरा यकीन है कि विभिन्न टीमों के सभी प्रशंसक काफी उत्साहित हैं और इस टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। साथ ही खिलाड़ी भी इसका इंतजार कर रहे हैं।'

 

 

#T20 World Cup

Source : Agency

पाठको की राय