T-20: रोमांचक मैच में हारा वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका को मिली 1 रन से करीबी जीत
नई दिल्ली
दक्षिण अफ्रीका ने तबरेज शम्सी की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत वेस्टइंडीज को पांच मैचों की टी-20 सीरीज के तीसरे मैच में 1 रन से हरा दिया। आखिरी गेंद पर चले इस रोमांचक मैच में जीत दर्ज करते ही दक्षिण अफ्रीका सीरीज में 2-1 से आगे हो गया है। मैच में वेस्टंडीज ने टॉस जीतकर पहले प्रोटियाज टीम को बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। टीम ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 167 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में लेंडल सिमंस और एविन लुईस की जोड़ी ने टीम को अच्छी शुरुआत दी, लेकिन वेस्टइंडीज की टीम बीच के ओवरों में रन रेट को बढ़ाने में असफल रही, जिससे टीम को आखिर में हार का सामना करना पड़ा।
इस सीरीज में दक्षिण अफ्रीका टीम ने एक बार फिर टॉस हारा और वेस्टइंडीज के कप्तान कीरोन पोलार्ड ने प्रोटियाज टीम को फिर से पहले बल्लेबाजी कराई। टीम को क्विंटन डिकॉक और रीजा हैन्ड्रिक्स ने बढ़िया शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए चार ओवरों में 40 से ज्यादा रन जोड़े। डिकॉक टीम की पारी के सूत्रधार रहे, जिनके बल्ले से 51 गेंदों पर पांच चौके और 2 छक्कों की मदद से 72 रनों की पारी निकली। उनके बाद टीम की लिए सबसे ज्यादा रन रैसी वैन डर डुसैन ने बनाए, जिन्होंने 32 रन बनाने के लिए 24 गेंदें खेली। वेस्टइंडीज की तरफ से ओबेड मैकोय ने 4 ओवरों में 22 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट झटके।
168 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज ने नई सलामी जोड़ृी उतारी, जहां एविन लुईस के साथ लिंडल सिमंस उतरे। दोनों ने सातवें ओवर से पहले टीम के लिए 50 रनों की साझेदारी पूरी कर दी। पिछले मैच की तरह इस मैच में भी वेस्टइंडीज का मिडिल ऑर्डर नहीं चला, जिससे टीम को एक बार फिर हार का मुंह देखना पड़ा। प्रोटियाज टीम की तरफ से तबरेज शम्सी ने 4 ओवर में कुल 13 रन देते हुए 2 अहम विकेट झटके। उनकी इस शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच भी चुना गया।

पाठको की राय