Wednesday, October 21st, 2026

स्वामी प्रसाद मौर्य को हार्ट अटैक? सपा नेता ने खुद बताया क्या है सच

लखनऊ
समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को दिल का दौरा पड़ने की अफवाह रविवार को सोशल मीडिया पर फैल गई। देर रात स्वामी प्रसाद मौर्य ने खुद ट्वीट करके इस दावे का खंडन किया और बताया कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की तस्वीर भी साझा की। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने स्वामी प्रसाद मौर्य को दिल का दौरा पड़ने का दावा करते हुए पोस्ट किया। इससे स्वामी के समर्थक चिंतित हो गए। लोग एक दूसरे से यह सवाल करने लगे। स्वामी प्रसाद मौर्य को भी फोन आने लगे। इसके बाद स्वामी ने खुद ट्विटर के जरिए समर्थकों की चिंता दूर की।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया, ''मेरा दिल इतना कमजोर नहीं है कि कायरों के डर से मुझे दिल का दौरा पड़ेगा। ऐसी झूठी खबर फैलाने वाले लोग कृपया कायरता का प्रदर्शन ना करें। मैं पूर्ण स्वस्थ हूं और अभी भी आवास पर कार्यकर्ताओं से मिल रहा हूं।'' गौरतलब है कि योगी सरकार में मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य चुनाव से ठीक पहले भाजपा का दामन छोड़कर सपा में शामिल हो गए। उन्होंने कुशीनगर की फाजिलनगर सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन जीत हासिल करने में नाकाम रहे। स्वामी प्रसाद मौर्य ओबीसी वर्ग के बड़े नेता माने जाते हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य के आने से सपा को ओबीसी वोटर्स का साथ मिलने की उम्मीद थी, लेकिन इसमें अधिक कामयाबी नहीं मिली।

 

 

#swami prasad maurya

Source : Agency

पाठको की राय