Monday, October 19th, 2026

नौ मार्च को होंगे निलंबित पीसीआई के चुनाव

नई दिल्ली.
भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) के चुनाव 9 मार्च को होंगे। समिति ने रविवार को यह घोषणा की। खेल मंत्रालय ने सही समय पर चुनाव नहीं करने के कारण पीसीआई को 4 फरवरी को निलंबित कर दिया था। पीसीआई कार्यकारी समिति का 4 साल का कार्यकाल 31 जनवरी को समाप्त हो गया था।

मंत्रालय ने इस खेल संस्था के दैनिक कार्यों के संचालन के लिए तदर्थ पैनल गठित करने का सुझाव दिया था लेकिन विश्व संचालन संस्था आईपीसी ने इसकी मंजूरी नहीं दी। पीसीआई की अध्यक्ष दीपा मलिक और महासचिव गुरशरण सिंह ने चुनाव के लिए नोटिस जारी किया है जिसमें उन्होंने सभी राज्य इकाइयों से अपने प्रतिनिधियों का नाम भेजने के लिए कहा है जो चुनाव में मतदान करने के पात्र होंगे।

नोटिस के अनुसार चुनाव राष्ट्रीय खेल विकास संहिता और पीसीआई नियमों के दिशानिर्देशों के अनुसार आयोजित किए जाएंगे। पीसीआई चुनाव अधिकारी के बारे में अलग से जानकारी देगी। पीसीआई एक अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, एक महासचिव, एक कोषाध्यक्ष, दो संयुक्त सचिव और पांच कार्यकारी सदस्यों का चुनाव करेगी।

 

#Indian Paralympic Committee

Source : Agency

पाठको की राय