Wednesday, October 21st, 2026

AMU के छात्र संदिग्ध आतंकी फैजान ने रिमांड पर उगले कई राज, एनआईए की पूछताछ जारी

अलीगढ़

आईएसआईएस से जुड़े एएमयू अलीगढ़ के बीए छात्र फैजान अंसारी से एनआईए की पूछताछ जारी है। रिमांड पर चल रहे फैजान से उसको झारखंड से लेकर अलीगढ़ तक के कनेक्शन से जुड़े कई सवाल पूछे जा रहे हैं। जिसमें उसने कई राज उगले। सूत्र बताते हैं कि अगले एक-दो दिनों में फैजान को अलीगढ़ लाया जा सकता है। बता दें कि आईएसआईएस से जुड़कर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में पकड़े गये फैजान अंसारी को लेकर दिन ब दिन नए खुलासे हो रहे हैं।

एक दिन पहले फैजान अंसारी का पीएफआई कनेक्शन निकलकर सामने आया था। खुफिया एजेंसियां उसके मददगारों की तलाश में छापे मार रही हैं। आईएसआईएस से जुड़ने के बाद फैजान एएमयू आया तो उसका उद्देश्य क्या था। इन सवालों का जवाब तलाशने के लिए एनआईए सहित कई एजेंसियों ने अलीगढ़ में भी डेरा डाल रखा है। फैजान के पुराने दिनों के घटनाक्रमों को लेकर कैंपस व आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे है। एनआईए ने रांची कोर्ट के आदेश पर सोमवार दोपहर फैजान को रिमांड पर ले लिया है।
 
दो दिनों की पूछताछ में फैजान ने कई राज उगले हैं। उससे पूछताछ जारी है। बताया यह भी जा रहा है कि उसको जल्द अलीगढ़ लाया जा सकता है। फैजान के साथ उसके पिता से भी पूछताछ की जा रही है। फैजान से उसकी पढ़ाई की शुरुआत, दोस्ती, गतिविधियां, उसके खर्चों आदि को लेकर भी पूछताछ जारी है। वहीं खुलासा ये भी हुआ है कि फैजान अंसारी के इरादे खतरनाक थे। देश में बड़ी आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की योजना बनाई जा रही थी। फैजान दो साल से आईएसआईएस के हैंडलरों के संपर्क में था। छह महीने बाद वह देश छोड़ने वाला था। वहीं उसके अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में पढ़ाई करने के कारण पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

 

#AMU

Source : Agency

पाठको की राय