Saturday, October 24th, 2026

20 करोड़ की लागत से गांधी मैदान व आस-पास के इलाके की संवरेगी सूरत

पटना
स्मार्ट सिटी के तहत गांधी मैदान व इसके आस-पास के इलाके की सूरत बदलेगी. मैदान के चारों तरफ दस प्रमुख बिल्डिंगों पर लगी फेसेड लाइटें राहगीरों का मूड बदलेंगी. हैप्पी स्ट्रीट पर शाम यादगार गुजरेगी. यही नहीं, मैदान के चार हिस्सों में लगे आकर्षक प्रवेश द्वार मैदान की शोभा बढ़ायेंगे. इन पर करीब 20 करोड़ रुपये की लागत आयेगी.

पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने इन भवनों के सौंदर्यीकरण को लेकर निविदा जारी कर दी है. 8 से 30 अक्तूबर तक इसके लिए आवेदन उपलब्ध होंगे. एक नवंबर तक ऑनलाइन बिड भरा जा सकेगा. विभागीय कार्रवाई के बाद दिसंबर से काम शुरू होने की उम्मीद है.

अधिकारियों के मुताबिक गांधी मैदान के चारों तरफ सड़क के किनारे सरकारी भवन की बाहरी दीवार पर तेज रोशनी और विभिन्न कलर की डायनेमिक लाइटें लगायी जायेंगी. इसमें प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय, गोलघर, गांधी संग्रहालय, ज्ञान भवन, बापू सभागार, उद्योग भवन, गांधी मैदान थाना, सुभाष पार्क, श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल व गांधी मूर्ति शामिल हैं. इसके साथ ही गांधी मैदान के चारों तरफ ड्रेनेज सिस्टम भी दुरुस्त होगा. बाॅक्सनुमा ड्रेनेज सिस्टम के ऊपरी हिस्से में बैठने की व्यवस्था होगी.

गांधी मैदान के बाहरी हिस्से के साथ ही अंदर का क्षेत्र भी विकसित होगा. मैदान में जॉगिंग ट्रैक के सटे लगभग 150 बेंच लगेंगे. 60 कलात्मक स्ट्रीट लाइटें लगेंगी. गांधी मैदान के चारों तक की बिल्डिंगों को एक ही कलर में रखने की योजना है. मैदान के चारों तरफ के हिस्से में खूबसूरत टाइल्स लगायी जायेंगी. जॉगिंग ट्रैक के दोनों तरफ 0.45-0.45 मीटर पेवर ब्लॉक लगाये जायेंगे. बीच में 1.8 मीटर में मोरम ट्रैक बनाया जायेगा.

गांधी मैदान के पास जेपी गोलंबर से डीएम आवास तक हैप्पी स्ट्रीट को लेकर भी जल्द काम शुरू होगा. इसके तहत बिस्कोमान भवन पर डायनेमिक फेसेड लाइटिंग की जानी है. दो जगहों पर बड़ी एलइडी स्क्रीन लगेंगी. साथ ही यहां पर वेंडरों को भी जगह दी जायेगी, ताकि लोग परिवार के साथ अपनी पसंद की चीजें खाते हुए शाम गुजार सकें.

 

Source : Agency

पाठको की राय