Wednesday, October 21st, 2026

एक बार फिर कोलकाता नाइट राइडर्स में रिटेन होने पर सुनील नरेन

नई दिल्ली
साल 2012 और 2014 में कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल चैंपियन बनाने में अहम रोल अदा करने वाले स्पिनर सुनील नरेन ने कहा है कि यह फ्रेंचाइजी उनके लिए दूसरे घर की तरह है और वह केकेआर के अलावा और कोई दूसरी टीम में नहीं रहना चाहते। अक्सर मैदान पर शांत रहने वाले नरेन को कोलकाता नाइट राइडर्स ने हाल में आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन से पहले रिटेन किया है। अपने खिलाड़ियों को रिटेन करने के बाद केकेआर ने सोशल मीडिया पर 'द कमबैक किंग' के नाम से एक शॉर्ट फिल्म जारी किया। नरेन ने इसमें कहा है कि वह केकेआर को छोड़कर और कोई टीम से नहीं खेल सकते क्योंकि उन्होंने यहां अपना सारा क्रिकेट खेला है।

नरेन ने कहा, 'केकेआर के अलावा और कोई जगह नहीं है, क्योंकि मैंने अपना सारा क्रिकेट यहीं खेला है। मुझे फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व करना जारी रखना अच्छा लगेगा। यह घर से दूर मेरा दूसरा घर है। इसलिए, मुझे उम्मीद है कि यह जारी रह सकता है।' 2020 में गेंदबाजी एक्शन को लेकर अपने खिलाफ कार्रवाई के बारे में नरेन ने कहा, 'यह कठिन था। अंत में क्रिकेट मेरे लिए कभी आसान नहीं रहा। मेरे पास जो कुछ भी है उसके लिए मुझे काम करना पड़ा है। यह कुछ ऐसा कदम था जहां मुझे गहरी खुदाई के बाद कड़ी मेहनत करनी थी और टॉप पर आना था।'

कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल रिटेंशन में अपने कुछ दिग्गज खिलाड़ियों को रिलीज किया है। इनमें कप्तान इयोन मोर्गन, विकेटकीपर दिनेश कार्तिक और ओपनर शुभमन गिल जैसे नाम शामिल हैं। मोर्गन की बल्लेबाजी फॉर्म को देखते हुए पहले से ही तय था कि उनको इस बार रिलीज किया जाएगा। हालांकि कप्तानी के मामले में वह बेहतर रहे हैं। आईपीएल 2021 में केकेआर की टीम मोर्गन की कप्तानी में फाइनल तक पहुंची थी, जहां उसे चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

 

#सुनील नरेन

Source : Agency

पाठको की राय