Thursday, October 22nd, 2026

Sunil Gavaskar की हेटमायर पर आपत्तिजनक टिप्पणी, कमेंट्री से हटाने की उठी मांग

मुंबई

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) एक बार फिर से विवादों में घिर गए हैं। गावस्कर को अब आईपीएल कमेंट्री से हटाने की मांग हो रही है। पूर्व कप्तान गावस्कर राजस्थान रॉयल्स (RR) के विस्फोटक बल्लेबाज शिमरन हेटमायर (Shimron Hetmyer) की पत्नी के बारे में घटिया कमेंट करके एक बार फिर से आलोचकों के निशाने पर आ गए हैं। अपने विवादित बयान के बाद गावस्कर को अब आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।

आईपीएल 2022 में शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स (RR) का सामना चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से हुआ। इस मुकाबले में चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 150 रन का स्कोर बनाया। इसके जवाब में राजस्थान की अच्छी शुरुआत रही। लेकिन इसके बाद टीम फंसती हुई नजर आ रही थी। ऐसे में वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज शिमरन हेटमायर बल्लेबाजी करने के क्रीज पर आए। हेटमायर के क्रीज पर आते ही गावस्कर ने जो कमेंट किया, उसे लेकर अब हर कोई पूर्व कप्तान की खूब आलोचना कर रहे हैं।

दरअसल, हेटमायर अपने पहले बच्चे के जन्म के चलते राजस्थान के लिए बीच में कुछ मैचों में नहीं खेले थे और वह घर लौट गए थे। लेकिन चेन्नई के खिलाफ उनकी प्लेइंग इलेवन में वापसी हुई और वह बल्लेबाजी के लिए मैदान पर आए। हेटमायर राजस्थान की पारी के 15वें ओवर में बल्लेबाजी करने के लिए आए। इस दौरान गावस्कर इंग्लिश में कमेंट्री कर रहे थे। हेटमायर के क्रीज पर आते ही गावस्कर ने टिप्पणी करते हुए कहा, 'शिमरन हेटमायर की पत्नी ने डिलिवर कर दिया है। क्या हेटमायर अब राजस्थान के लिए डिलिवर करेंगे?


सोशल मीडिया पर फैंस ने गावस्कर को लताड़ा

गावस्कर की इस टिप्पणी के बाद फैन्स अब सोशल मीडिया पर जमकर उन्हें लताड़ लगा रहे हैं और उनकी आलोचना कर रहे हैं। कुछ फैंस उन्हें कमेंट्री से हटाने की भी मांग कर रहे हैं। हालांकि हेटमायर इस मुकाबले में कुछ खास कमाल नहीं कर सके और 7 गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें प्रशांत सोलंकी ने कैच आउट कराया। गावस्कर ने इससे पहले आईपीएल 2020 में भी विराट कोहली और अनुष्का शर्मा को लेकर टिप्पणी की थी और तब भी उनकी जमकर आलोचना हुई थी।

 

#Sunil Gavaskar

Source : Agency

पाठको की राय