प्रदेश में रविवार का कोरोना कर्फ्यू समाप्त
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में कोरोना नियंत्रण में है। प्रदेश के 35 जिले ऐसे हैं, जहाँ एक भी नया पॉजिटिव केस नहीं आया है और प्रदेश में एक्टिव केस घटकर 1000 के नीचे आ गए हैं। ऐसी स्थिति में रविवार का कोरोना कर्फ्यू तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाता है। रात्रि कालीन कोरोना कर्फ्यू पूर्व की तरह जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा है कि कोरोना नियंत्रण में है, लेकिन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, इसलिए निश्चिन्त न रहें, पूरी सावधानी रखें, मास्क लगाएँ, कोविड अनुरुप व्यवहार करें और कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि रविवार को दुकानें कोविड प्रोटोकॉल के साथ खोली जा सकेंगी। वैक्सीनेशन में आज मध्यप्रदेश ने फिर रिकॉर्ड बनाया है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए लिखा – मध्यप्रदेश में कोरोना नियंत्रण में है,प्रदेश में अब 35 जिले में एक भी कोरोना पॉज़िटिव केस नहीं आया है, पहली बार एक्टिव केस की संख्या घटकर एक हज़ार के नीचे आई है। हमारी पॉज़िटिविटी दर घटकर 0.06% रह गई है। ऐसी स्थिति में फिलहाल रविवार को भी कोरोना कर्फ्यू लगाना औचित्यहीन लग रहा है।
हम तत्काल प्रभाव से रविवार के कोरोना कर्फ्यू को समाप्त कर रहे हैं। जिन्हें अपनी दुकानें खोलना हों, आर्थिक गतिविधियाँ जारी रखना हों, वे नियमानुसार कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए अपनी गतिविधियाँ चालू रख सकते हैं। रात्रिकालीन कोरोना कर्फ्यू पूर्ववत जारी रहेगा
उधर सीएम शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan)ने कहा है कि तीसरी लहर (Corona Third Wave) की संभावना खत्म नहीं हुई है। अत: लगातार सतर्क रहने के लिए अधिक से अधिक टेस्ट आवश्यक हैं। प्रदेश के कोने-कोने में टेस्टिंग और ट्रेसिंग से तत्काल संक्रमण की पहचान और उस पर नियंत्रण संभव होगा। हमारा प्रयास यह हो कि हम संक्रमण के प्रत्येक प्रकरण के कारणों की पहचान करें। इससे सभी सावधानी बरती जा सकेगी। मध्य प्रदेश में तीसरी लहर के कारणों को समाप्त करना हमारा लक्ष्य होगा।
सीएम शिवराज सिंह (Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि इस स्थिति के बाद भी प्रदेश में कोरोना के टेस्ट कम नहीं होने दिये जायेंगे।प्रतिदिन 80 हजार टेस्ट आवश्यक रूप से किये जायें। पन्ना, दमोह, झाबुआ, मंडला, सीधी, बड़वानी, छिंदवाड़ा, सतना, भिंड, टीकमगढ़, खरगोन, अलीराजपुर, अनुपपुर, छतरपुर, मुरैना और आगर जिलों में टीकाकरण को गति देने के निर्देश दिये।वही इंदौर, बड़वानी, बैतूल, हरदा, सिंगरौली, छिंदवाड़ा, ग्वालियर, रतलाम और रीवा में आये नए कोरोना प्रकरणों की बिंदुवार जानकारी ली।

पाठको की राय