संडे अॅनलॉक : बाहर निकले लोग, सोशल डिस्टेसिंग भूले...
भोपाल
कोरोना पेशेंट कम होने के बाद आज से शहर में संडे को भी अनलॉक कर दिया गया है। 98 दिन बाद ऐसा हुआ है कि रविवार को बाजार खुले और नागरिकों को भी बाहर निकलने की अनुमति मिली। हालांकि रात 8 बजे के बाद बाजार बंद करना होगा। सुबह से ही शहर के सभी प्रमुख बाजार खुलने लगे थे। लेकिन इस दौरान लोग लापरवाह नजर आए। कई लोगों के चेहरे पर मास्क नहीं थे तो सोशल डिस्टेंसिंग भी नजर नहीं आई। दूसरी ओर शहर में कल से फिर वैक्सीनेशन का काम शुरू होगा ताकि अधिक से अधिक लोगों को टीके लगाए जा सकें।
98 दिनों के लंबे समय के बाद आज सुबह जब संडे अनलॉक हुआ तो लोगों के चेहरे पर प्रसन्नता की लकीरे दिखने लगी। लेकिन शहर में डेल्टा प्लस के बढ़ते खौफ के चलते नाइट कर्फ्यू रात 10 बजे से छह बजे तक जारी रहेगा। गौर तलब है कि कोरोना की दूसरी लहर के चलते शहर में 21 मार्च से संडे लॉक होना शुरू हुआ था। सामान्य दिनों की तुलना में रविवार को तीन गुना अधिक लोग बाजारों में पहुंचते हैं।
छुट्टी रहने से सभी के पास खरीदी के लिए पूरा दिन रहता है। शहर के व्यस्ततम बाजारों में शुमार होने वाले न्यू मार्केट में संडे की ओपनिंग व्यापारियों के लिये राहत की खबर लेकर आयी। सुबह तो यहां पर सन्नाटा था लेकिन दोपहर ढलते ही यहां पर भीड़ लगनी शुरू हो जाती है। इसी तरह से पुराने शहर में लखेरापुरा, पीरगेट, चौक, जुमेराती, हनुमानगंज आदि में भी दुकानों के खुलने से लोगों को राशन के लिए परेशान नहीं होना पड़ा। इसके अलावा 10 नंबर, 12 नंबर, गोविंदपुरा और ऐशबाग आदि के बाजारों में दुकानों के खुलने से वहां पर भीड़ नजर आयी।
संडे सिटी की पहली सुबह लोगों में एक नई चेतना लेकर आयी। इसके चलते सुबह तफरीह करने वालों की बड़ी संख्या वीआईपी रोड, बोट क्लब और केरवा और कलियासोत डेम की ओर मूव होते दिखी। इन जगहों पर पिकनिक सा आलम था जिसमें लोग सोशल डिस्टेंसिंग भूल गये। कई जगहों पर तो मास्क भी ढंग से लगा नजर नहीं आया। संडे अनलॉक होते ही शहर के कई रास्तों को जनता के लिए खोला गया। संडे अनलॉक से बाजारों, पर्यटक स्थलों पर भीड़ बढ़ी है। लोगों को कोरोना गाइडलाइन को नहीं भूलना चाहिए।
राजधानी में संडे अनलॉक होने से कारोबार में सीधे 30 फीसदी की बढ़ोतरी हो जाएगी। इसमें खासकर रेस्त्रां, इलेक्ट्रॉनिक्स, होम एप्लायंस, कपड़ा बाजार और आॅटो सेक्टर की खरीदी दोगुनी बढ़ोतरी होगी। ज्वेलरी खरीदी में लोग समय निकालकर आते हैं, ऐसे में रविवार सभी के लिए अच्छा समय रहता है। शहर में रेस्त्रां, क्लब, बार आदि का तो पूरे सप्ताह का 70 फीसदी कारोबार ही शनिवार-रविवार को होता है। इसी तरह से कार आदि वाहनों की खरीदी के लिए रविवार सबसे बेहतर होता है। इस दिन ज्यादा लोग वाहन देखने-खरीदने आते हैं। इससे सेक्टर में तेजी आने की उम्मीद है।
संडे अनलॉक होने के कारण अब रविवार को बाकी दिन की तरह शादियां होने का रास्ता खुल गया है। इससे पहले इस दिन को लोग अवॉइड कर रहे थे। शादियों में दोनों पक्ष के 20-20 व 10 अन्य यानी 50 लोग शामिल हो सकेंगे। शादी ब्याह की तैयारियों में लगे लोग अब अपनी खरीदारी करने के लिए संडे का यूज कर रहे हैं। नए नियमों के अनुसार होटल 100, रेस्त्रां व बार 50 फीसदी क्षमता के साथ रात 10 बजे तक खुले हैं।

पाठको की राय