पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर की आत्महत्या
नोएडा
महिला डॉक्टर ने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर की आत्महत्या
सेक्टर 24 थाना क्षेत्र के सेक्टर 22 में मंगलवार दोपहर को एक महिला डॉक्टर ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। डॉक्टर के पास पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। इसमें कुछ शायरी लिखी हुई है। इसके अलावा डॉक्टर ने अपने अंगदान करने की बात लिखी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एक निजी कंपनी में वरिष्ठ पोस्ट से रिटायर्ड टेकचंद शर्मा सेक्टर 22 में रहते हैं। वह परिवार के साथ थाना सेक्टर 24 क्षेत्र के सेक्टर 22 में रहते हैं। उनकी 25 वर्षीय बेटी प्रतिभा शर्मा शारदा यूनिवर्सिटी से एमडी की पढ़ाई कर रही थी। टेकचंद शर्मा का तीन मंजिल का मकान है। सेकंड फ्लोर पर प्रतिभा ने अपना स्टडी रूम बनाया था। वह मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अपने कमरे में गई। इसके बाद पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जब वह देर शाम तक कमरे से बाहर नहीं आई तो उनके इंजीनियर भाई ने उनके मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। इसके बाद उनके भाई ऊपर कमरे में पहुंचे तो दरवाजा अंदर से लॉक था।
कई बार खटखटाने के बाद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। उन्होंने खिड़की से झांक कर देखा तो कमरे में खून पड़ा हुआ था। उन्होंने परिजनों को जानकारी दी। फिर जैसे तैसे करके दरवाजा तोड़ा तो बेड पर प्रतिभा का शव पड़ा हुआ था। उनके बराबर में ही रिवाल्वर पड़ी थी। उनके कान में इयरफोन लगी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतका के पिता एक राजनीतिक पार्टी से जुड़े हैं।

पाठको की राय