Monday, October 19th, 2026

टोक्यो पैरालंपिक में सुहास ने जीता था रजत पदक, आईएएस एसोसिएशन ने किया सम्मानित

नई दिल्ली
भारतीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी और गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एल यथिराज को शनिवार को केंद्रीय आईएएस एसोसिएशन द्वारा टोक्यो पैरालंपिक में बैडमिंटन में रजत पदक जीतने के लिए सम्मानित किया गया।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार इस दौरान टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को भी सम्मानित किया गया। सुहास पैरालंपिक खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पहले अधिकारी हैं। वह टोक्यो में फ्रांस के लुकास माजुर से पुरुष एकल के एसएल चार वर्ग के फाइनल में हार गए थे। इस मौके पर खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक वीडियो संदेश में कहा कि सुहास एलवाई ने टोक्यो में रजत पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया है।

उन्होंने सभी सिविल सेवकों से आह्वान किया कि वे नागरिकों के सेवक के रूप में अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए देश में खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। ठाकुर ने कहा, ‘राष्ट्र को हमारे खिलाड़ियों की उपलब्धि पर गर्व है जिन्होंने टोक्यो 2020 पैरालंपिक खेलों में 19 पदक और टोक्यो ओलंपिक खेलों 2020 में सात पदक जीते।’ इस कार्यक्रम में खेल एवं युवा राज्य मामलो के मंत्री खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक भी मौजूद थे।

 

#Suhas won silver

Source : Agency

पाठको की राय