Saturday, October 24th, 2026

एनएएस 2021 की तैयारी के लिये शिक्षकों का विषयवार राज्यस्तरीय उन्मुखीकरण

भोपाल
प्रदेश में कक्षा
तीसरी, पांचवीं और आठवीं के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे (एनएएस) 2021 परीक्षा की तैयारी कराने के लिए राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा प्रदेश के शिक्षकों का विषयवार राज्य स्तरीय उन्मुखीकरण किया जा रहा है। संचालक राज्य शिक्षा केंद्र धनराजू एस ने बताया कि हिन्दी, गणित, पर्यावरण अध्ययन, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषय के शिक्षकों को 28 अगस्त से 1 सितम्बर तक राज्य शिक्षा केन्द्र के यूट्यूब लाइव के माध्यम से विषय की बारीकियों और परीक्षा में आने वाले प्रश्नों के अनुसार प्रशिक्षित किया जायेगा। इसमे विषयों के अभ्यास, प्रश्नबैंक और मॉक टेस्ट पेपर के साथ एनएएस परीक्षा प्रकृति के प्रश्नों पर प्रशिक्षण दिया जायेगा।

धनराजू ने बताया कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे में छात्र-छात्राओं से पूछे जाने वाले प्रश्न उनकी उच्चस्तरीय क्षमताओं जैसे कि विश्लेषण, तार्किक चिंतन और अवधारणात्मक स्पष्टता को जांचने की प्रकृति के होते हैं। इस प्रकार के प्रश्नों पर शिक्षकों की स्पष्ट समझ बनाने की भी आवश्यकता है। इसी उद्देश्य को लेकर यह उन्मुखीकरण किया जा रहा है। उन्मुखीकरण में डाईट फैकल्टी, शासकीय प्राथमिक और माध्यमिक शाला के संबंधित शिक्षक, संबंधित विषय के बीएसी और जनशिक्षकों द्वारा सहभागिता की जायेगी। उन्मुखीकरण प्रसारण की लिंक एसएसए ऑफिशियल 'व्हाटसएप ग्रुप' पर सभी डी.पी.सी. को उपलब्ध करा दी गई है। डी.पी.सी. यह सुनिश्चित करेंगे कि समस्त शालाओं के विषय शिक्षक इस उन्मुखीकरण में सहभागिता अनिवार्य रूप से करें।

 

#राज्य शिक्षा केन्द्र

Source : Agency

पाठको की राय