करोड़ों का मालिक निकला सब रजिस्ट्रार बृज बिहारी शरण
पटना
बिहार की निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मोतिहारी के सब रजिस्ट्रार बृज बिहारी शरण पर आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने के बाद उसके तीन ठिकानों पर छापेमारी की। शुक्रवार को हुई इस कार्रवाई के दौरान करोड़ों की चल-अलच संपत्ति का खुलासा हुआ है। पति-पत्नी के बैंक खातों में 82 लाख रुपए जमा हैं। तलाशी में 10.50 लाख नकद के अलावा जमीन-जायदाद और वित्तीय संस्थानों में निवेश के कागजात मिले। ढाई किलोग्राम के करीब सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद हुए हैं।
1.29 करोड़ आय से अधिक संपत्ति पर एफआईआर
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुताबिक सब रजिस्ट्रार बृह बिहारी शरण के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। अदालत से सर्च वारंट लेने के बाद पटना के गर्दनीबाग स्थित विशनपुरी मोहल्ला और पूर्णेन्दुनगर स्थित घर के साथ मोतिहारी के आवास व कार्यालय की तलाशी ली गई। अभी तक इनके वैध स्रोतों से 150 प्रतिशत अधिक संपत्ति का पता चला है। तलाशी में 10.50 लाख नकद के अलावा आधा किलोग्राम सोना और दो किलो से अधिक के जेवरात मिले हैं। इसकी कीमत 24.30 लाख से ज्यादा बताई जा रही है।
पति-पत्नी के नाम 7 बैंक खाता व लॉकर भी मिला
निगरानी के मुताबिक सब रजिस्टार बृज बिहारी शरण और उनकी पत्नी के नाम 7 बैंक खातों में 82 लाख रुपए जमा हैं। पटना के एसके पुरी स्थित एसबीआई ब्रांच में एक लॉकर भी मिला है जिसे तत्काल फ्रीज करवा दिया गया। वहीं बीमा की 14 पॉलिसी के अलावा डेबिट और क्रेडिट कार्ड बरामद हुआ है। दो कार के अलावा जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज भी तलाशी के दौरान मिले।

पाठको की राय