Sunday, October 25th, 2026

55 पार वाले उपनिरीक्षक की नहीं लगेगी संक्रमित क्षेत्रों में ड्यूटी

भोपाल
कोरोना संक्रमण भले ही कम हो गया है, लेकिन इसके खतरे को पुलिस अफसर अब भी कम नहीं आंक रहे हैं। पुलिस मुख्यालय ने पुलिस अफसरों को हिदायत दी है कि उनके क्षेत्र में पदस्थ अधिक उम्र के पुलिस कर्मियों और गंभीर बीमारियों से ग्रसित पुलिसकर्मियों और अफसरों को फील्ड का काम देने से बचा जाए, ताकि वे लोगों के सीधे संपर्क में कम से कम आ सके।  

पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने पिछले दिनों सभी पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में कहा था कि संक्रमित होने की आशंका वाले स्थानों पर गंभीर बीमारियों से पीड़ित और अधिक आयु वाले पुलिसकर्मियों की ड्यूटी न लगाई जाए। दरअसल डीजीपी चाहते हैं कि पुलिस महकमें में ऐसे अफसरों और कर्मियों को संक्रमण से बचाया जा सके। इसके पालन में जिला स्तर पर नया ड्यूटी चार्ट बनाया जा रहा है। इसमें 55 साल तक के उपनिरीक्षक और उससे कम रैंक के पुलिसकर्मियों को संक्रमित क्षेत्र में ड्यूटी न कराई जाए इसका प्लान बनाया जा रहा है। हर थाना क्षेत्र में इस प्लान को लागू किया जाएगा। हालांकि विशेष परिस्थितियों में उनका उपयोग फिल्ड में किया जा सकता है। वहीं जो पुलिसकर्मी और अफसर गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं, उन्हें भी कोरोना संक्रमित क्षेत्र में तैनात नहीं किया जाएगा।

पुलिसकर्मियों को कोरोना से बचाव के लिए पुलिस मुख्यालय लगातार गाइडलाइन भी जारी करता रहा है। एडीजी इंटेलीजेंस को को इसकी निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है। गाईड लाइन में टीकाकरण, सैनिटाइजेशन और आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि वे साथी पुलिसकर्मियों की सेहत का भी ध्यान रखें।

 

#उपनिरीक्षक

Source : Agency

पाठको की राय