Saturday, October 24th, 2026

मनमाने ढंग से बस किराया वसूली करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई-परिवहन मंत्री

भोपाल
परिवहन एवं राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि नियम विरुद्ध व्यवसायिक माल का परिवहन करने एवं मनमाना किराया वसूली करने वाले वाहन मालिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि काफी समय से बस संचालकों द्वारा बसों में व्यावसायिक माल का परिहवहन किए जाने की शिकायत प्राप्त हो रही है। परिवहन अधिकारी नियम विरुद्ध बस संचालन पर अंकुश लगायें और ऐसे बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।

मंत्री राजपूत ने बताया कि विभाग के संज्ञान में यह जानकारी आई थी कि कुछ बस संचालकों द्वारा संचालित बसों में नियम विरुद्ध व्यवसायिक माल का परिवहन किया जा रहा है एवं ऐसी बसें जो, ऑल इंडिया परमिट से आच्छादित हैं, वह परमिट शर्तों का दुरुपयोग करते हुए संचालित हो रही हैं।

परिवहन मंत्री राजपूत ने कहा कि बस संचालकों द्वारा तीज-त्यौहारों के कारण बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मनमाना किराया वसूले जाने की शिकायतें भी सुनने को मिली हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बसों के सुव्यवस्थित संचालन के लिये चैकिंग अभियान को तेज करें एवं नियमों का सख्ती से पालन करायें।

मंत्री राजपूत ने कहा कि समय-समय पर वे औचक निरीक्षण भी करेंगे। परमिट, फिटनेस या अन्य किसी प्रकार की कमी पाये जाने पर बसों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जायेगी।

 

#Transport Minister

Source : Agency

पाठको की राय