Saturday, October 24th, 2026

एसटीएफ की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अगस्त में 12 इनामी अपराधी दबोचे, इस दौरान तीन नक्सलियों को भी पकड़ा

पटना
बिहार पुलिस की एसटीएफ (विशेष कार्य बल) की टीम ने अगस्त महीने में 12 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। एसटीएफ ने इस दौरान तीन नक्सलियों को भी पकड़ा है। अगस्त महीने में कुल 87 मोस्ट वांटेड अपराधियों को गिरफ्तार करने में एसटीएफ को सफलता मिली है। पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, एसटीएफ ने इस साल अगस्त महीने तक 113 ऐसे अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है, जिनके ऊपर इनाम घोषित किया गया था। इसके अलावा 21 नक्सलियों को भी इस साल पकड़ा गया है। इस साल 235 हथियार बरामद हुए हैं, जिसमें सिर्फ अगस्त महीने में 39 देसी हथियार बरामद किए गए हैं।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एसटीएफ की टीम नक्सल और संगठित अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चला रही है, जिसमें इस साल काफी सफलता हासिल हुई है। आंकड़ों पर गौर करें तो इस साल एसटीएफ 480 मोस्ट वांटेड अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफल हुई है, जिसमें कई कुख्यात अपराधियों के भी नाम शामिल हैं। पिछले महीने एसटीएफ की टीम ने सहरसा जिला के 50,000 रुपए के इनामी अपराधी गुनसागर यादव को गिरफ्तार किया था, तो पश्चिम चंपारण जिले के 25,000 रुपए के इनामी अपराधी शेख मुबारक उर्फ मुन्ना को भी अगस्त महीने में रामोली शिकारपुर थाना क्षेत्र में छापामारी कर गिरफ्तार किया गया था।

उन्होंने आगे बताया कि इसी तरह एसटीएफ की विशेष टीम ने पिछले महीने गया जिला के 50 हजार रुपए के इनामी अपराधी भोल ठाकुर उर्फ गोल ठाकुर उर्फ सुजीत ठाकुर को इमामगंज थाना क्षेत्र से छापेमारी कर गिरफ्तार किया था। उस पर गया जिला के विभिन्न थानों में लूट एवं आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।

पिछले महीने एसटीएफ ने गोपालगंज जिला पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपए के इनामी अपराधी मनोज राम को भी गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध गोपालगंज जिला एवं यूपी के विभिन्न थाना क्षेत्र में लूट एवं आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं।

 

#The STF team of Bihar Police

Source : Agency

पाठको की राय