Thursday, October 22nd, 2026

राज्य आपसी समन्वय से गुड गवर्नेंस की प्रक्रिया को लागू करें : मंत्री सखलेचा

गुड गवर्नेंस प्रेक्टिस पर 2 दिवसीय रीजनल कॉन्फ्रेंस का समापन

भोपाल

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा अनुरूप सभी राज्य गुड गवर्नेंस में हुए नवाचार और प्रक्रियाओं को आपसी समन्वय से अपना कर  देश को गुड गवर्नेंस में अग्रणी बनाएँ। मंत्री सखलेचा मंगलवार को कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में गुड गवर्नेंस प्रेक्टिस पर केन्द्रित 2 दिवसीय रीजनल कॉन्फ्रेंस के समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कॉन्फ्रेंस में 15 राज्यों के प्रतिनिधि और अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन विनोद कुमार उपस्थित थे।

मंत्री सखलेचा ने राज्यों के प्रतिभागियों का आह्वान किया कि वे एक-दूसरे राज्यों द्वारा तकनीकी और गुड गवर्नेंस में किए गए नवाचार और अच्छी प्रक्रियाओं को लागू करें। उन्होंने कहा कि राज्यों ने गुड गवर्नेंस में लगातार अच्छी प्रक्रियाओं को अपनाया है और इस कॉन्फ्रेंस में 75 वक्ता द्वारा उन्हें प्रस्तुत भी किया गया है। मंत्री सखलेचा ने कहा कि राज्य द्वारा अपनी नई प्रक्रिया बनाने में वक्त खर्च करने से बेहतर है कि अच्छी प्रक्रियाओं को ज्यों का त्यों अपनाया जाए। उन्होंने कहा कि अगस्त या सितम्बर माह में राष्ट्रीय स्तर की कॉन्फ्रेंस भी मध्यप्रदेश में की जाएगी।

केन्द्रीय अपर सचिव डी.ए.आर.पी.जी. अमरनाथ ने कहा कि गुड गवर्नेंस में मध्यप्रदेश ने बहुत कम समय में ही काफी बेहतर काम किया है। उन्होंने मध्यप्रदेश को तकनीकी के इस्तेमाल में अग्रणी राज्य बताया। उन्होंने कहा कि अमृतकाल के दृष्टिगत हम नई-नई प्रक्रियाओं को अपना कर भारत को दुनिया का सिरमौर बना सकते हैं। प्रमुख सचिव विज्ञान प्रौद्योगिकी निकुंज श्रीवास्तव ने आभार माना।

 

 

#Minister Sakhalecha

Source : Agency

पाठको की राय