Friday, October 23rd, 2026

राज्य-स्तरीय वन्य-प्राणी सप्ताह

भोपाल

राज्य-स्तरीय वन्य-प्राणी सप्ताह के चौथे दिन सोमवार को वन विहार राष्ट्रीय उद्यान भोपाल में आयोजित हुए पक्षी दर्शन एवं प्रकृति शिविर में तकरीबन 65 पक्षी प्रेमियों ने पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों को नजदीक से देखने का लुत्फ उठाया। इनमें गोल्डन ओरिओल, दूधराज, इग्रेट, मेग पाई राबिन, ब्रोंज विंग जकाना, किंगफिशर, ग्रीन बी ईटर, टिटहरी, पोंड हेरोन, रेड मुनिया, आईओरा, विहिस्लिंग टील्सकार्मोरेंट, मूरहैन, ड्रोंगो, सिल्वर बिल मुनिया प्रमुख प्रजाति के पक्षी शामिल हैं। ग्रे पेनसी कॉमन ईवनिंग ब्राउन, प्लेन टाईगर, कॉमन ग्राम यलो, ब्लू टाइगर, क्रीमसन रोज आदि को देखकर प्रतिभागी आनंदित हो उठे। स्रोत व्यक्ति के रूप में डॉ. सुदेश वाघमारे, डॉ. संगीता राजगीर, मो. खालिक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

एक अन्य कार्यक्रम में विहार वीथिका में "एनीमल कीपर एवं स्टॉफ के साथ परिचर्चा'' आयोजित की गई। इसमें 55 प्रतिभागियों ने भाग लिया। परिचर्चा में एनीमल कीपर्स द्वारा प्रतिभागियों को भालू, बाघ, तेंदुआ, गौर, हायना एवं सर्पों की देखभाल के तौर-तरीकों और उनके भोजन, उपचार आदि के संबंध में बताया गया। इस अवसर पर पक्षियों, तितलियों, सर्प एवं वन्य-प्राणियों के संबंध में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का उत्तर देकर संतुष्ट किया गया। इसके साथ ही केरवा स्थित गिद्ध प्रजनन एवं संरक्षण केन्द्र के प्रभारी डॉ. रोहन श्रृंगारपुरे द्वारा प्रदेश में पाई जाने वाली गिद्धों की प्रजातियों के संरक्षण, संवर्धन एवं गिद्धों की मानव जीवन में उपयोगिता के संबंध में प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।

अन्य प्रतियोगिताओं के रूप में "वन्य-प्राणी'' थीम पर खुला वर्ग के लिये "मेहंदी प्रतियोगिता'' एवं दोपहर में पाम पेंटिंग प्रतियोगिता हुई। मेहंदी प्रतियोगिता में 169 प्रतिभागी और पाम पेंटिंग में 85 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

मंगलवार को यह कार्यक्रम होंगे

मंगलवार के दिन प्रात: 6.30 बजे से पक्षी दर्शन एवं प्रकृति शिविर (गुलाबी शिविर छात्राओं/महिलाओं के लिये) आयोजित होगा। इसके साथ ही जस्ट ए मिनिट प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग एवं सीनियर वर्ग में ऑनलाइन के माध्यम से प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन किया जायेगा एवं चयनित प्रविष्टियों को बुधवार को शाम 4 से 5 बजे तक फेसबुक पर प्रसारित किया जायेगा।

 

#State Level Wildlife Week

Source : Agency

पाठको की राय