सीनियर नेताओं को नसीहत के बाद उपचुनाव वाले क्षेत्रों में प्रदेश प्रभारी राव के दौरे
भोपाल
भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने तीन विधानसभा और एक लोकसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर अब मंडल स्तर और बूथ स्तर की बैठक लेने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के साथ राव की बैठकें रैगांव, पृथ्वीपुर, जोबट विधानसभा और खंडवा में होने वाली हैं। इसकी शुरूआत रैगांव विधानसभा क्षेत्र से कल होगी। पार्टी में पद पाने से वंचित वरिष्ठ विधायकों और नेताओं को पिछले दौरे में नसीहत दे चुके प्रदेश प्रभारी राव अब चुनावी दौरे के लिए मध्यप्रदेश आये हैं।
राव मंडल और बूथ अध्यक्षों की भी बैठकें लेंगे। इसके बाद वे कल ही खजुराहो आएंगे और अगली विधानसभा की बैठक लेंगे। राव आज जबलपुर से शाम को सतना पहुंचेंगे और रात में जिला मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद कल 3 बैठकें लेंगे। कल विधायक, वरिष्ठ नेता और जिला पदाधिकारी गण से बैठक करेंगे।

पाठको की राय