राज्य सरकार प्रदेश के पशुपालकों को उपलब्ध कराएगी 0 फीसदी ब्याज पर कर्ज
भोपाल
राज्य सरकार प्रदेश के पशुपालकों को भी किसानों की तर्ज पर शून्य फीसदी ब्याज दर पर कर्ज उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा प्रदेश में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार पांच जिलों में औद्योगिक पार्क की स्थापना करेगी। ये पार्क भोपाल, सीहोर, धार,रतलाम और नरसिंहपुर में खोले जाएंगे। इन पार्को में 32 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में इस पर चर्चा की गई।
सरकार इन औद्योगिक पार्क के लिए भूखंड विकसित करके देगी। भारतीय वन सेवा कैडर नियम के अंतर्गत प्रधान मुख्य वन संरक्षक स्तर के चार पद लेवल 16 वेतनमान रुपए 205400-224400 के निर्मित करने पर भी कैबिनेट में चर्चा की गई।
बढ़ेगा राज्यपाल का स्वेच्छानुदान
राज्यपाल का स्वेच्छानुदान बढ़ाकर दो करोड़ किया जाएगा। इस प्रस्ताव पर भी चर्चा की जा रही है। वर्तमान में राज्यपाल का स्वेच्छानुदान एक करोड़ रुपए ही है। इसे बढ़ाकर दो करोड़ किया जाएगा। इसी तरह एक लाख रुपए तक प्रति व्यक्ति मदद कर सकेंगे। अभी यह सीमा पचास हजार रुपए है। अभिभाषक संघ को पुस्तकालय में पुस्तकें खरीदे जाने के वित्तीय अधिकार बढ़ाए जाने, प्रदेश में कार्यरत क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की पूंजी में राज्यांश बढ़ाए जाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई।
इन प्रस्तावों पर भी हुई चर्चा
इसके अलावा आर्बिटेशन केन्द्र जबलपुर में विभिन्न कैडर में पदों की मंजूरी देने भी चर्चा की गई। पशुपालकों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर अल्पकालीन बैंक ऋण प्रदाय किये जाने पर भी कैबिनेट में विचार किया गया। मध्यप्रदेश विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2022 के मसौदे पर भी कैबिनेट में चर्चा हुई। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत नवीनतम तकनीक में नवाचार और उनके उपयोग को प्रोत्साहित करने एवं अनुमोदन के संबंध में कैबिनेट में विचार किया गया। खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में उपार्जित धान की मिलिंग हेतु प्रोत्साहन एवं अपडेशन राशि का निर्धारण करने पर भी कैबिनेट में चर्चा हुई।

पाठको की राय