Sunday, October 25th, 2026

आज से बिहार में 18+ के लोगों को टीका, आधार कार्ड के बिना भी हो सकेगा टीकाकरण

पटना 
कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच एक राहत वाली खबर आई है। बिहार में 18 वर्ष से अधिक उम्र वालों का कोरोना टीकाकरण रविवार से शुरू होगा। राज्य सरकार को 18 से 44 साल के व्यक्तियों के टीकाकरण को लेकर 3.5 लाख डोज टीका शनिवार को उपलब्ध हो गया। इसके बाद विभाग ने राज्य के सभी प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों में टीकाकरण अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। कोविन पोर्टल पर निबंधित युवा अपने घर के नजदीकी टीकाकरण केंद्रों पर टीका लेंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ट्वीट कर शनिवार को इसकी जानकारी दी गयी। जानकारी के अनुसार, शनिवार को विशेष विमान से कोरोना का टीका बिहार पहुंच गया। इसे देर रात तक जिलों के लिए भेज दिया गया ताकि रविवार से टीकाकरण शुरू किया जा सके। 

 राज्य में एक मई से 18 से 44 साल के व्यक्तियों का टीकाकरण शुरू होना था। लेकिन टीका उपलब्ध नहीं होने के कारण यह नहीं शुरू हो सका। इसमें करीब एक सप्ताह की देरी हुई। इसके पूर्व विभाग का कहना था कि केंद्र सरकार टीका का कोटा तय करेगी व टीका मिलेगा तभी टीकाकरण शुरू होगा। राज्य में अभी पांच लाख डोज टीका स्टॉक में है। जिससे करीब एक लाख डोज प्रतिदिन टीकाकरण कार्य किया जा रहा है। 

आधार कार्ड के बिना भी हो सकेगा टीकाकरण 
कोरोना टीका के लिए पहचान पत्र की अनिवार्यता समाप्त कर दी गयी है। टीका लेने वाले को सत्यापित करने वाले पहचानकर्ता के आधार कार्ड पर यह सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी डीएम को गाइडलाइंस जारी की है। इसके मुताबिक ऐसे लोगों को कोविन एप में पंजीकृत किया जाएगा और उनके टीका के लिए विशेष सत्र आयोजित होंगे। इनकी पहचान की जिम्मेदारी जिला शासन की होगी।

 

#टीकाकरण

Source : Agency

पाठको की राय