Wednesday, October 21st, 2026

SRH vs PBKS: टीम की हार के बावजूद इस खिलाड़ी को दिया गया 'मैन ऑफ द मैच' अवॉर्ड, बल्ले और गेंद से मचाई तबाही

 नई दिल्ली 
आईपीएल 2021 में शनिवार को खेले गए दोनों मुकाबले लो स्कोरिंग रहे। पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच शाम में खेला गया मुकाबला फैन्स को काफी पसंद आया, क्योंकि यह मैच आखिरी गेंद तक चला। इसमें केएल राहुल की कप्तानी वाली पंजाब ने हैदराबाद को 5 रनों से मात देकर प्लेऑफ में जाने की अपनी उम्मीदों को अब तक कायम रखा है। हैदराबाद के लिए इस मैच में ऑलराउंडर जेसन होल्डर ने गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन आखिर में टीम को नहीं जिता सके। उनकी टीम बेशक यह मैच हार गई, लेकिन होल्डर को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'मैन ऑफ द मैच' अवॉर्ड से नवाजा गया।

पंजाब ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 125 रन ही बना सकी। पंजाब को इस स्थिति में डालने में होल्डर ने अहम भूमिका निभाई और अपने 4 ओवरों में मात्र 19 रन देकर तीन प्रमुख बल्लेबाजों को आउट किया। होल्डर ने इस दौरान पंजाब के कप्तान राहुल, मयंक अग्रवाल और दीपक हुड्डा को चलता किया। इसके बाद जब हैदराबाद की पारी की शुरुआत हुई, तो उनको भी अच्छा स्टार्ट नहीं मिला था। पंजाब के गेंदबाज मोहम्मद शमी और स्पिनर रवि बिश्नोई के सामने हैदराबाद के बल्लेबाज असहाय नजर आ रहे थे और आधी टीम 60 रनों पर ही पवेलियन लौट गई थी।

इसके बाद होल्डर ने मोर्चा संभाला और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा के साथ मिलकर टीम को जिताने का जिम्मा उठाया। आखिरी ओवरों में साहा 37 गेंदों पर 31 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद होल्डर ने आखिरी ओवरों में धुआंधार पारी खेलकर टीम को जीत की दहलीज तक ले जाने की पूरी कोशिश की, लेकिन शमी और अर्शदीप सिंह ने कसी हुई गेंदबाजी की, जिसके चलते हैदराबाद 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 120 रन ही बना पाया। इस दौरान होल्डर पांच छक्कों की बदौलत 29 गेंदों पर ताबड़तोड़ 47 रन बना कर नॉटआउट रहे। इस हार के साथ ही टीम का लीग से बाहर होना लगभग तय है। 
 

 

#SRH vs PBKS

Source : Agency

पाठको की राय