Friday, October 23rd, 2026

SRH ने आज ही के दिन रचा इतिहास, अभी तक किसी भी टीम ने ऐसे नहीं जीती IPL ट्रॉफी

नई दिल्ली

इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल में पिछले करीब एक दशक से एलिमिनेटर मैच खेला जाता है। सेमीफाइनल जैसी विधा को आईपीएल के आयोजकों ने खत्म कर दिया है। ऐसे में उन टीमों को फाइनल में पहुंचने का ज्यादा मौका मिलता है, जो लीग फेज के बाद अंकतालिका में पहले और दूसरे स्थान पर रहती हैं। इस लीग के इतिहास में सिर्फ एक ही टीम ऐसी है, जिसने एलिमिनेटर खेलते हुए खिताबी जीत हासिल की है।

दरअसल, आईपीएल के इतिहास में सिर्फ एक बार ऐसा हुआ है, जब कोई टीम एलिमिनेटर, क्वॉलिफायर 2 और फाइनल जीतने में सफल हुई है। ऐसा आज के दिन यानी 29 मई को आज से 7 साल पहले 2016 को हुआ था, जब सनराइजर्स हैदराबाद यानी एसआरएच ने ट्रॉफी पर कब्जा किया था। जिस तरह एसआरएस ने आईपीएल की ट्रॉफी जीती है, उस तरह कोई अन्य टीम खिताबी जीत हासिल नहीं कर सकी है।

एसआरएच आईपीएल के इतिहास की पहली और अब तक की आखिरी टीम है, जो एलिमिनेटर खेलकर खिताब जीतने में सफल रही। 2016 के सीजन में डेविड वॉर्नर की कप्तानी वाली टीम प्वाइंट्स टेबल में नंबर तीन पर रही। एसआरएच ने 25 मई को एलिमिनेटर मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को हराया था। वहीं, 27 मई को दूसरे क्वॉलिफायर मैच में गुजरात लायंस को हराया था, जो उस सीजन में नंबर वन टीम थी।

विराट कोहली ने उस सीजन में 4 शतक जड़े थे और वे इस लीग के इतिहास में पहले ऐसे खिलाड़ी थे, जिन्होंने एक सीजन में 900 से ज्यादा रन बनाने का काम किया था। आरसीबी के लिए वही एक सीजन था, जहां टीम खिताबी दावेदार थी, लेकिन एसआरएच ने लगातार तीन नॉकआउट गेम जीतकर खिताब अपने नाम किया। उस सीजन हैदराबाद की गेंदबाजी शानदार रही थी। वॉर्नर के बल्ले ने भी आग उगली थी।

 

 

#SRH

Source : Agency

पाठको की राय