Friday, October 23rd, 2026

Sports Commonwealth Cricket Lead India: भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में पहली जीत दर्ज की

र्बिमंघम
भारतीय टीम ने दबाव में अपना ‘आक्रामक रवैया’ दिखाते हुए रविवार को यहां महिला क्रिकेट स्पर्धा के दूसरे मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को आठ विकेट से रौंदकर राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को मजबूत किया। पाकिस्तान का टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला उन्हीं पर भारी पड़ गया क्योंकि भारतीय गेंदबाजों ने उन्हें बारिश के कारण 18-18 ओवर के किये गये मुकाबले में महज 99 रन पर ढेर कर दिया।
    
स्पिनर स्रेह राणा और राधा यादव ने दो दो विकेट झटके। फिर भारतीय टीम ने इस लक्ष्य का पीछा महज 11.4 ओवर में कर लिया जिसमें महिला क्रिकेट की सबसे आकर्षक बल्लेबाजों में शुमार स्मृति मंधाना (42 गेंद में नाबाद 63 रन) ने अपने शानदार स्ट्रोक्स से नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली।

पिछले कुछ महीनों से भारतीय टीम आक्रामक खेलने की कोशिश कर रही है और रविवार को खिलाड़ियों का प्रदर्शन निश्चित रूप से कप्तान हरमनप्रीत कौर को पसंद आया होगा।

 मंधाना की पारी में तीन छक्के और आठ चौके जड़े थे। उन्होंने ऑफ स्पिनर तुबा हसन पर बाहर निकलकर छक्का जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। तीसरे ओवर में तेज गेंदबाज डायना बेग की गेंद पर कवर में लगा उनका छक्का भी दर्शनीय था।

यह इस साल में दूसरा मैच था जिसमें भारत-पाक मुकाबला करीबी नहीं रहा और भारत ने आसानी से जीत हासिल की। भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड में 50 ओवर के विश्व कप में भी अपने प्रतिद्वंद्वियों को आसानी से हरा दिया था।
    
हालांकि राष्ट्रमंडल खेलों के इस मुकाबले में एजबेस्टन में काफी संख्या में खेल प्रशंसक मौजूद थे। रूक रूक कर होने वाली बारिश के कारण मैच 45 मिनट देर से शुरू हुआ जिससे मुकाबला प्रत्येक टीम के 18-18 ओवर का कर दिया गया।

भारत और आस्ट्रेलिया के बीच शुरूआती क्रिकेट मैच की तुलना में 25,000 दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में काफी प्रशंसक पहुंचे लेकिन ऐसा नहीं लगा कि पूरे टिकट बिके हैं। शहर में भारतीय और पाकिस्तानी मूल की काफी आबादी है। लेकिन भारतीय मूल के दर्शकों की संख्या मैदान पर काफी दिखायी दी जो भारतीय ध्वज लेकर बैठे थे।

पंजाबी स्टार दिलजीत दोसांज के गानों ने माहौल बना दिया और ऐसा लग रहा था कि मैच र्बिमंघम में नहीं बल्कि मोहाली में हो रहा है। भारतीय गेंदबाजों ने पावरप्ले में शानदार प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान को बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया।

पाकिस्तान के लिये मुनीबा अली 32 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं। उनके अलावा आलिया रियाज ने 18 और कप्तान बिस्माह मारूफ ने 17 रन का योगदान दिया। राणा ने चार ओवर में 15 रन और राधा यादव ने तीन ओवर में 18 रन देकर दो-दो विकेट चटकाये।

रेणुका सिंह अपना स्वप्निल स्पैल डाला, उन्होंने मेडन ओवर से शुरूआत की जो टी20 प्रारूप में दुर्लभ होता है। उन्होंने चार ओवर में एक मेडन से 20 रन देकर एक विकेट प्राप्त किया। राणा ने मुनीबा और मरूफ के विकेट झटके।

कप्तान हरमनप्रीत ने अंतिम एकादश में अतिरिक्त आल राउंडर को खिलाया। उन्होंने स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ के स्थान पर राणा को शामिल किया। कोविड-19 से उबरने के बाद देर से टीम से जुड़ी बल्लेबाज एस मेघना को हरलीन देयोल की जगह अंतिम एकादश में रखा गया।

 

#Sports Commonwealth

Source : Agency

पाठको की राय