Saturday, October 24th, 2026

हवा में स्पाइसजेट के पायलट को विमान की विंडशील्ड चिटकी हुई दिखी, वापस मुंबई कराया लैंड

नई दिल्ली
 स्पाइसजेट एयरलाइंस पिछले कुछ दिनों से लगातार चर्चा में बना हुआ है। कभी विमान के भीतर गड़बड़ी तो कभी स्पाइवेयर अटैक। इस बार विमान की विंडशील्ड में खराबी का मामला सामने आया है। स्पाइसजेट का विमान जोकि उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जा रहा था उसे वापस मुंबई लौटना पड़ा। आधिकारिक बयान जारी करके कहा गया है कि विमान की विंडशील्ड में क्रैक होने की वजह से इसे वापस मुंबई लौटना पड़ा। एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा कि 28 मई को स्पाइसजेट बोइंग 737 एयरक्राफ्ट जोकि मुंबई से गोरखपुर के लिए जानी थी, उसकी विंडशील्ड में क्रैक था, जिसके बाद विमान को वापस लौटना पड़ा।
 

प्रवक्ता ने बताया कि मुख्य पायलट ने विमान को वापस मुंबई लाने का फैसला लिया। इस बारे में एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को जानकारी दी गई और इसके बाद विमान को सुरक्षित मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। अहम बात यह है कि जब हवा में पायलट ने विंडशील्ड पर क्रैक का निशान देखा तो उसने विमान को वापस लाने का फैसला लिया है। पायलट की सावधानी की वजह से बड़ा हादसा टल गया। लेकिन सवाल यह भी खड़ा हो रहा है कि क्या उड़ान भरने से पहले विमान के सभी सेफ्टी क्लियरेंस को पास किया गया या फिर विमान के उड़ान भरने के बाद हवा में विंडशील्ड में क्रैक आया।

 

#स्पाइसजेट

Source : Agency

पाठको की राय