Thursday, October 22nd, 2026

बहादुरगढ़ में तेज रफ्तार ट्रक ने किसान प्रदर्शनकारियों को कुचला, 3 की मौत

  बहादुरगढ़

हरियाणा के बहादुरगढ़ में सुबह-सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. एक तेज रफ्तार ट्रक ने महिला किसान प्रदर्शनकारियों को कुचल दिया. इससे तीन बुजुर्ग महिलाओं की मौत हो गई और तीन की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है. मौके पर पुलिस ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह साढ़े 6 बजे के करीब झज्जर रोड पर हुआ. बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिलाएं डिवाइडर पर बैठी हुई थीं, तभी उनके ऊपर एक तेज रफ्तार ट्रक आकर चढ़ गया. इससे दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. तीन महिलाओं की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है.

ये महिलाएं किसान आंदोलन में शामिल थीं. हादसे में जान गंवाने वालीं तीनों महिलाएं पंजाब के मानसा जिले की रहने वालीं हैं. बताया जा रहा है कि सुबह-सुबह महिलाएं घर जाने के लिए ऑटो के इंतजार में डिवाइडर पर बैठी हुई थीं. तभी झज्जर रोड पर फ्लाइओवर के नीचे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया. हादसे के बाद इलाके में हड़कंप भी मच गया है. मौके पर पुलिस पहुंच गई और उसने जांच शुरू कर दी है.

दरअसल, केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ नवंबर 2020 से दिल्ली बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन चल रहा है. इसी आंदोलन से तीनों महिलाएं भी जुड़ी थीं. ये महिलाएं रोटेशन के तहत अपने घर जाने वाली थीं, लेकिन उससे पहले ही तीन की मौत हो गई.

 

#3 killed

Source : Agency

पाठको की राय